मझौलिया में 13.2 किमी बिजली तार चोरी, करीब 88 पोल से गायब हुए हाई टेंशन तार

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने 88 बिजली पोल से करीब 13.2 किलोमीटर एचटी बिजली तार चोरी कर लिया. इस घटना से बिजली विभाग को लगभग 3.96 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में कृषि फीडर के हाई टेंशन (HT) बिजली तार की बड़े पैमाने पर चोरी का मामला सामने आया है. अज्ञात चोरों ने 88 बिजली पोल से करीब 13.2 किलोमीटर लंबा एचटी तार काटकर चोरी कर लिया. इस घटना से बिजली विभाग को लगभग 3 लाख 95 हजार 989 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. मामले में सरिसवा बाजार विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता रतन कुमार झा ने मझौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

रमपुरवा से भलुही तक कृषि फीडर को बनाया निशाना

प्राथमिकी के अनुसार चोरों ने रमपुरवा चिमनी से सेमुआपुर सरेह तथा धोकराहा मिल जिरात से भलुही वार्ड संख्या-13 तक फैले कृषि फीडर की एचटी लाइन को निशाना बनाया. करीब 88 बिजली पोल से तार काटकर चोरी कर लिया गया. विभाग के अनुसार चोरी हुए तार की कुल लंबाई लगभग 13.2 किलोमीटर है.

ग्रामीणों की सूचना पर सामने आया मामला

कनीय विद्युत अभियंता रतन कुमार झा ने बताया कि 27 जून को स्थानीय ग्रामीणों ने कृषि फीडर से बिजली तार चोरी होने की सूचना दी. सूचना मिलने के बाद विभागीय कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया, जहां बड़ी संख्या में पोल से एचटी तार गायब मिला. इसके बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मझौलिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.

पुलिस ने शुरू की जांच

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मझौलिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. घटनास्थल के आसपास संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं और चोरी में शामिल लोगों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.

बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा विभाग

बिजली विभाग चोरी गए तारों का आकलन करने के साथ कृषि फीडर की विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल करने की दिशा में कार्रवाई कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि लगातार हो रही बिजली तार चोरी की घटनाओं से विभाग की चिंता बढ़ गई है और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >