बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: अनुमंडलीय अस्पताल परिसर स्थित एएनएम कॉलेज सह छात्रावास में गुरुवार को खराब भोजन और पेयजल संकट को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा. नाराज छात्राओं ने परिसर में जमकर हंगामा करते हुए मेस व्यवस्था संभाल रही जीविका समूह की इंचार्ज के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग उठाई.
बासी भोजन और पानी संकट का आरोप
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास के मेस में लगातार खराब और बासी भोजन परोसा जा रहा है. भोजन की गुणवत्ता इतनी खराब है कि कई छात्राएं बीमार पड़ चुकी हैं.
छात्राओं ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद छात्रावास में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रदर्शन के दौरान बेहोश हुईं छात्राएं
हंगामे के दौरान अचानक दो छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं. इसके बाद उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने दोनों छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टर ने बताया कि इलाज के बाद दोनों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं.
मेस इंचार्ज पर गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने जीविका समूह की इंचार्ज रूवी कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए. छात्राओं का कहना था कि मेस में न तो पौष्टिक भोजन दिया जाता है और न ही साफ-सफाई का ध्यान रखा जाता है.
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.
प्राचार्य बोले- पहले भी की गई थी शिकायत
एएनएम कॉलेज के प्राचार्य शिरीष कुमार वर्मा ने बताया कि वे विभागीय कार्य से पटना गए हुए हैं.
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी छात्राओं ने भोजन और नाश्ते की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी. पहले मौखिक रूप से सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर जीविका कार्यालय में लिखित शिकायत भी की गई है.
प्राचार्य ने कहा कि मामले की जानकारी जिला सिविल सर्जन और विभागीय अधिकारियों को दी जाएगी, ताकि छात्राओं को बेहतर भोजन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
