Begusarai Youth Suicide : बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में 23 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला. घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.
सुजानपुर गांव में युवक का शव मिलने से दहशत
बेगूसराय जिले के गढ़पुरा थाना क्षेत्र स्थित सुजानपुर गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला. मृतक की पहचान दिनेश महतो के 23 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा
परिजनों के अनुसार, मनीष कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. मंगलवार रात वह रोज की तरह काम से घर लौटा और खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया. बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने और आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद परिजनों को संदेह हुआ. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
दरवाजा तोड़ने पर पंखे से लटका मिला शव
सूचना मिलने पर गढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो मनीष कुमार का शव गले में रस्सी का फंदा लगाकर छत के पंखे से लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
पूर्व पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. गढ़पुरा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्रेम प्रसंग, पारिवारिक तनाव, डांट-फटकार या अन्य संभावित कारणों समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान आगे बढ़ाया जा रहा है.
Also Read : बेगूसराय में एफएमडी टीकाकरण अभियान शुरू, घर-घर जाकर पशुओं को लगाया जाएगा मुफ्त टीका
