Begusarai News: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र की अरवा पंचायत (वार्ड संख्या 6) स्थित अरवा गांव में गुरुवार अहले सुबह सर्पदंश (सांप के काटने) से 55 वर्षीया महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतका की पहचान रामदेव साह की पत्नी गीता देवी (55) के रूप में की गई है.
घर में सोने के दौरान जहरीले सांप ने काटा
मृतका के पति ने बताया कि जब वे लोग सो रहे थे, तभी अचानक चिल्लाने की आवाज आई. घर के अंदर जाकर देखा तो गीता देवी के पैर से खून बह रहा था और एक जहरीला सांप घर से बाहर निकलता दिखा. महिला ने बताया कि उसे सांप ने काट लिया है.
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
सांप काटने की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को तत्काल इलाज के लिए निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का परिवार मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है और उनकी एक विवाहित पुत्री है.
कच्चे मकानों और आवास योजना पर उठे सवाल
इस दुखद हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवास की जमीनी हकीकत को फिर उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा पक्के मकान के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर आज भी कई परिवार फूस के बने कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं, जहाँ बरसात के दिनों में जहरीले कीड़े-मकोड़ों और सांपों का खतरा लगातार बना रहता है.
