Begusarai News : बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र के सुजानपुर स्थित दुर्गा स्थान के समीप एक तालाब में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान सुजानपुर वार्ड संख्या-14 निवासी कृष्ण सहनी के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.
स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया किशोर
जानकारी के अनुसार शिवम कुमार तालाब में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब पर पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़पुरा ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परिवार का सबसे बड़ा बेटा था शिवम
मृतक शिवम तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मध्य विद्यालय सुजानपुर में छठी कक्षा का छात्र था. उसके पिता कृष्ण सहनी कोलकाता में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां सरिता देवी भी मजदूरी कर बच्चों की परवरिश करती हैं. बताया जाता है कि घटना के समय उसका छोटा भाई सत्यम घर पहुंचकर परिवार को शिवम के डूबने की सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही गढ़पुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अवर निरीक्षक रामशंकर यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया. मौके पर राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सुदर्शन, पूर्व मुखिया शंभू झा, अनिल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने और लोगों को सतर्क करने की मांग की.
