बेगूसराय में बाढ़ का एरियल सर्वे करने पहुंचे CM सम्राट, बोले- स्थायी समाधान के लिए बनेंगे रिंग बांध और नए स्ट्रेच

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एरियल सर्वे किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने बाढ़ से निपटने के लिए स्थायी समाधान पर जोर दिया, जिसमें रिंग बांध और नए स्ट्रेच का निर्माण शामिल है. प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है.

Samrat Choudhary Begusarai Flood : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बेगूसराय पहुंचे. सीएम ने हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एरियल सर्वे कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया.

बाढ़ राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा

इस दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित इलाकों, जलमग्न क्षेत्रों और चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री के साथ बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे.

हेलीकॉप्टर से सर्वे के बाद मुख्यमंत्री रिफाइनरी टाउनशिप स्थित गेस्ट हाउस पहुंचे. जहां उन्होंने जिलाधिकारी रिची पांडेय समेत आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में जिले में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, प्रभावित आबादी, राहत शिविरों, नावों की उपलब्धता, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री के बेगूसराय पहुंचने पर जिले के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, डीएम रिची पांडेय समेत अन्य अधिकारियों ने हेलीपैड पर बुके देकर उनका स्वागत किया.

इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.

बाढ़ के स्थायी समाधान पर जोर

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा की बाढ़ से बेगूसराय में हर वर्ष उत्पन्न होने वाली समस्या का स्थायी समाधान करने की बात कही. उन्होंने कहा कि बाढ़ से निपटने के लिए सिर्फ तत्काल राहत देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक योजना बनाकर काम किया जाएगा.

इसके तहत रिंग बांध और नए स्ट्रेच का निर्माण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में गंगा के बढ़ते जलस्तर से आबादी और महत्वपूर्ण इलाकों को सुरक्षित रखा जा सके. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा. उन्होंने प्रभावित लोगों तक समय पर भोजन, पेयजल, दवा और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया.

प्रभावितों को हरसंभव सहायता का आश्वासन

गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण जिले के कई दियारा और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है. कई स्थानों पर सड़क संपर्क प्रभावित होने के बाद लोगों की आवाजाही के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है.

Also Read : सुबह उठे तो घर और सामान सब डूबा मिला, बेगूसराय के 5 वार्डों में 2000 से ज्यादा घर बाढ़ की चपेट में

ऐसे में मुख्यमंत्री के एरियल सर्वे और अधिकारियों के साथ समीक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सीएम ने कहा कि सरकार बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए स्थायी संरचनात्मक उपायों पर भी तेजी से काम किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपिन कुमार मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >