समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : गिरिराज सिंह

जिले के आकांक्षी प्रखंडों एवं पिछड़े क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, कंकौल में नीति आयोग के दिशा-निर्देशानुसार ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का भव्य शुभारंभ किया गया.

बेगूसराय. जिले के आकांक्षी प्रखंडों एवं पिछड़े क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, कंकौल में नीति आयोग के दिशा-निर्देशानुसार ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का भव्य शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह-बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, विधान पार्षद सर्वेश सिंह, महापौर नगर निगम पिंकी देवी, उप महापौर अनिता राय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, सहायक समाहर्ता अजय यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम में योजना विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, मनरेगा, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग तथा पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित अपर समाहर्ता बेगूसराय, सिविल सर्जन बेगूसराय, डीपीओ वीबी जी राम जी, जिला समन्वयक, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान , जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड प्रमुख, ग्राम पंचायतों के मुखिया, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि नीति आयोग द्वारा संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत जिले के चार आकांक्षी प्रखंड तेघड़ा, भगवानपुर, मंसूरचक एवं शाम्हो अकहा कुरहा को चिन्हित किया गया है. अभियान का मुख्य उद्देश्य चयनित सामाजिक-आर्थिक सूचकांकों में शत-प्रतिशत पूर्णता सुनिश्चित करते हुए जिले के समग्र एवं समावेशी विकास को गति देना है. उन्होंने बताया कि इन आकांक्षी प्रखंडों में सामाजिक विकास से जुड़े छह प्रमुख सूचकांकों पर विशेष फोकस किया जाएगा, जिनमें छह माह से छह वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण उपलब्ध कराना, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के वजन एवं लंबाई की सटीक मापन व्यवस्था, सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में क्रियाशील शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त एवं चालू शौचालय तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मवेशियों का टीकाकरण शामिल है. इसके अतिरिक्त जिले स्तर पर भी पांच प्रमुख मानकों को लक्ष्य के रूप में निर्धारित किया गया है, जिनमें जन्म के समय शिशुओं का स्वस्थ वजन सुनिश्चित करना, टीबी अधिसूचना दर में वृद्धि, प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर प्रतिमाह ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का आयोजन, विद्यालयों में बालिका शौचालयों की सुचारु उपलब्धता तथा जिले में कुल टीकाकृत पशुओं के प्रतिशत में वृद्धि शामिल हैं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता पर आधारित विकास का व्यापक अभियान है. उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब सभी निर्धारित सूचकांकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाये. उन्होंने ‘जी राम जी’ योजना का उल्लेख करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायत को स्वस्थ, स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विकास की नई परिभाषा में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है. जिसके लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच मजबूत समन्वय आवश्यक है. उन्होंने कहा कि ‘जी राम जी’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत जो तय करेगी, वही योजना में सम्मिलित होगा. साथ ही मजदूरों को 60 दिन का कार्य एवं 60 दिन का अवकाश दिये जाने की भी जानकारी दी. उन्होंने यह भी कहा कि जिले के चारों आकांक्षी प्रखंडों में प्राथमिकता के आधार पर ‘जी राम जी’ योजना के कार्य प्रारंभ किए जाये और इसके लिए मॉडल नीतियां विकसित की जाएं, ताकि आकांक्षी प्रखंडों के विकास का एक प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया जा सके. कार्यक्रम के दौरान अभियान से जुड़े उद्देश्यों, रणनीतियों एवं अपेक्षित परिणामों की जानकारी देने हेतु ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति भी दिखायी गयी. जिससे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अभियान की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई. कार्यक्रम के समापन अवसर पर सांसद द्वारा सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को संपूर्णता अभियान 2.0 की सफलता हेतु सामूहिक शपथ दिलायी गयी. साथ ही सेल्फी स्टैंड एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से सभी ने जिले के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. अंत में धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त द्वारा किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >