बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को बेगूसराय जिले के फुलवरिया तारा अड्डा, बरौनी स्थित चंद्रवंशी चौक पर श्रीकृष्ण पूजा समिति एवं श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी, फुलवरिया में आयोजित भव्य मेला एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया.
इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि धर्म, नीति, कर्म, न्याय और लोककल्याण के महान संदेशवाहक हैं. श्रीकृष्ण का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और कर्तव्य के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा देता है.
कर्म के संदेश से ही सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म को सर्वोच्च महत्व दिया है. उनका संदेश है कि मनुष्य को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पालन करना चाहिये. वर्तमान समय में युवाओं को श्रीकृष्ण के चरित्र, संघर्ष और जीवन-दर्शन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है.
श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात कर ही एक सशक्त, संस्कारित और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है. उन्होंने श्रीकृष्ण पूजा समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए मेले में शामिल सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं.
धार्मिक आयोजनों से समाज में बढ़ता है भाईचारा और आपसी सद्भाव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेघड़ा रजनीश कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया. उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकता को बढ़ावा मिलता है.
Also Read : बेगूसराय में 48 घंटे में बदला बाढ़ का मंजर, जिस पुलिया से CM सम्राट ने लिया था जायजा अब तेज धार में डूबी
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भक्ति एवं उत्सव का माहौल रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. कार्यक्रम में श्रीकृष्ण पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. मौके पर बरौनी नगर परिषद अध्यक्ष संजीव कुमार, बीहट नगर परिषद अध्यक्ष बबीता देवी सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
