Begusarai News : प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन जून 2022 से निर्माणाधीन है, लेकिन करीब चार वर्ष बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है. भवन अधूरा रहने के कारण मरीजों को अब भी पुराने और जर्जर भवन में इलाज कराना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
वार्ड सदस्य ने डीएम को लिखा पत्र
नावकोठी वार्ड संख्या-12 के वार्ड सदस्य सलमान खान ने जिलाधिकारी, बेगूसराय को पत्र लिखकर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में हो रही अत्यधिक देरी से क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है.
मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को हो रही परेशानी
पत्र में कहा गया है कि पुराने भवन में पर्याप्त जगह, आवश्यक सुविधाओं और आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था का अभाव है. इसके कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. भीड़ बढ़ने पर अस्पताल परिसर में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
Also Read : नवादा में बढ़ता ध्वनि प्रदूषण बना चिंता का विषय, प्रेशर हॉर्न और डीजे के शोर से लोग परेशान
निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने की मांग
सलमान खान ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर संबंधित पदाधिकारियों और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जाए. साथ ही निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं जल्द शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए.
Also Read : नवादा में अंचल कार्यालय परिसर से शिक्षक की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बरसात में और बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर और दवाओं की उपलब्धता तो है, लेकिन भवन छोटा और जर्जर होने के कारण मरीजों को खुले में या तंग जगह में इलाज कराना पड़ता है. बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है. लोगों ने प्रशासन से जल्द नए भवन का निर्माण पूरा कर उसे चालू कराने की मांग की है.
Also Read : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक के परिवार को चालकों ने दी 17.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
