Begusarai News: सावन मास के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और कांवरियों की संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर प्रशासनिक टीम ने सोमवार को बछवाड़ा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध और ऐतिहासिक झमटिया गंगा घाट का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण दल में तेघड़ा एसडीओ नीरज सिन्हा, डीएसपी कृष्ण कुमार, बीडीओ अमित कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी विश्वनाथ सिंह, सीओ प्रीतम गौतम और थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार शामिल थे.
खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती
अधिकारियों ने गंगा घाट पर सुरक्षा इंतजामों, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग का जायजा लिया. एसडीओ और डीएसपी ने निर्देश दिया कि संभावित हादसों को रोकने के लिए खतरनाक घाटों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, ताकि कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सके. इसके साथ ही घाट पर पुलिस बल के साथ-साथ गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए गए.
नावों व नाविकों की बनेगी सूची
निरीक्षण के दौरान सीओ प्रीतम गौतम को झमटिया घाट पर संचालित होने वाली सभी नावों और उन पर तैनात नाविकों की विधिवत सूची जल्द से जल्द तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में आसानी से समन्वय किया जा सके.
निर्माणाधीन सड़कों और लाइट व्यवस्था का निरीक्षण
अधिकारियों ने घाट को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़कों का भी जायजा लिया और संवेदक को सावन शुरू होने से पहले काम पूरा करने की हिदायत दी, ताकि जलजमाव और कीचड़ से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो. इसके अलावा गुप्ता बांध पर स्ट्रीट लाइटें चालू करने और पर्याप्त रोशनी का प्रबंध करने का निर्देश दिया गया.
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासनिक टीम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर नदी के जलस्तर की स्थिति जानी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सावन मेले के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों या पदाधिकारियों पर सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. मौके पर बैद्यनाथ झा, हीरालाल यादव, पप्पू ठाकुर, छोटू कुमार समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे.
