Begusarai News: बेगूसराय जिले के मटिहानी अंचल अंतर्गत बदलपुरा चौक स्थित विजय राघव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) मटिहानी अंचल परिषद के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया.
जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दमन की निंदा
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा मंत्री राम उदय सिंह ने की, जबकि पुतले को मुखाग्नि खेत मजदूर यूनियन के नेता गोवर्धन तांती ने दी. सभा को संबोधित करते हुए अंचल मंत्री रामाधार कुमार और जिला परिषद सदस्य राम राघवेंद्र देव ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. वक्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-युवाओं पर पुलिसिया कार्रवाई और दमन की कड़े शब्दों में निंदा की.
मृतक छात्रों के परिजनों को मुआवजा और दिनकर विश्वविद्यालय की मांग
भाकपा नेताओं ने सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि:
- नीट (NEET) परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले से हताश होकर जान गंवाने वाले 22 विद्यार्थियों के पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए.
- बेगूसराय जिले में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर अविलंब विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए.
- बेगूसराय के स्थानीय उद्योगों में क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए.
दमन न रुका तो सड़कों पर उतरेंगे छात्र-युवा
ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) के सचिव अमोद कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार की ओर से छात्रों का उत्पीड़न और दमनकारी नीतियां बंद नहीं हुईं, तो देश भर के छात्र व युवा उग्र आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे.
इस अवसर पर नरेश यादव, रंजीत साह, सुभाष कुमार, राम उदय सिंह, रामसुंदर सिंह, अजय तांती सहित दर्जनों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे.
