Cyber Security: ओटीसी बरौनी निपनियां स्थित एनसीसी कैंप में रविवार को 9 बिहार बटालियन के तत्वावधान में दस दिवसीय CATC कैंप आयोजित किया गया. कैंप कर्नल दीपक कुमार के संरक्षण एवं अगुवाई में संचालित हो रहा है. कैंप के दौरान एनसीसी कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है.
फर्जी कॉल और KYC फ्रॉड से बचने के बताए उपाय
कैंप में कैडेट्स के लिए साइबर सिक्योरिटी पर विशेष जागरूकता कक्षा आयोजित की गयी. इसका संचालन साइबर क्राइम, बेगूसराय में कार्यरत इंस्पेक्टर एसके विद्याकर ने किया. उन्होंने कैडेट्स को फर्जी कॉल, फिशिंग, APK, KYC अपडेट फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी.
उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया. कैडेट्स को NCRP यानी नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराने तथा GRM यानी ग्रिविएंस रिड्रेसल मैकेनिज्म की जानकारी दी गयी.
कैडेट्स को दी गयी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
एनसीसी आर्मी विंग के 9 बिहार बटालियन, ओटीसी बरौनी में 15 सितंबर से 24 सितंबर तक दस दिवसीय कैंप चल रहा है. कैंप के दौरान लायंस क्लब बेगूसराय के चिकित्सकों डॉ. संजीव अग्रवाल, डॉ. जयंत, डॉ. आशीष सुमन और डॉ. अनुपम ने कैडेट्स को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी. इस दौरान स्वास्थ्य जांच कैंप का भी आयोजन किया गया.
शारीरिक और सैन्य प्रशिक्षण के साथ करियर काउंसलिंग
प्रशिक्षण कैंप में कैडेट्स के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखा गया है. इसके तहत प्रतिदिन शारीरिक प्रशिक्षण, वेपन ट्रेनिंग, तकनीकी प्रशिक्षण, सिम्युलेटर प्रशिक्षण, परेड और खेल का अभ्यास कराया जा रहा है. साथ ही A, B और C प्रमाण पत्र की परीक्षाओं की तैयारी भी करायी जा रही है.
कैडेट्स के भविष्य को ध्यान में रखते हुए करियर काउंसलिंग भी आयोजित की जा रही है. उनमें एकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए पब्लिक संवाद, जनजागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, रैली और भाषण जैसी गतिविधियां भी करायी जा रही हैं.
कैंप के दौरान कैडेट्स के बीच 'टीबी मुक्त भारत' विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित करने की भी जानकारी दी गयी.
