बेगूसराय: बछवाड़ा में राजद की बैठक, सुमित कुमार को मिली नई जिम्मेदारी

बेगूसराय के रुदौली में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया. इस दौरान सुमित कुमार को बछवाड़ा विधानसभा का युवा राजद प्रभारी नियुक्त किया गया. कार्यक्रम में पार्टी की नीतियों पर भी चर्चा हुई.

Begusarai News: प्रखंड क्षेत्र की रुदौली पंचायत में रविवार की शाम राष्ट्रीय जनता दल (RJD) द्वारा 'कार्यकर्ता सम्मान समारोह सह सामाजिक न्याय विचार गोष्ठी' का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायती राज प्रदेश सचिव सुमित कुमार ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव अरुण यादव ने किया.

सुमित कुमार को मिली बछवाड़ा विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी

समारोह के दौरान जिलाध्यक्ष मोहित यादव की अगुआई में सर्वसम्मति से सुमित कुमार को बछवाड़ा विधानसभा का युवा राजद प्रभारी नियुक्त किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष कुमार रूपेश यादव ने कहा कि संगठन को धरातल पर मजबूत करने के लिए बछवाड़ा के हर पंचायत में ऐसे कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे.

नीट पेपर लीक, सोनम वांगचुक और बिहार की कानून-व्यवस्था पर घेरा

कुमार रूपेश यादव ने देश व प्रदेश के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनदेखी पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बिहार में सामाजिक कार्यकर्ता भरत तिवारी और बंटी यादव की हत्या पर रोष जताते हुए कहा कि राज्य में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और आम जनता डर के साए में जीने को मजबूर है.

सरकार में बिना घूस नहीं होता कोई काम: मोहित यादव

राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने केंद्र व राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में बिना रिश्वत के कोई प्रशासनिक काम नहीं हो रहा है. सरकारी शिविर महज खानापूर्ति बनकर रह गए हैं और लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजद की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ें.

ये लोग भी रहे मौजूद

विचार गोष्ठी को जिला प्रवक्ता श्याम प्रसाद दास, उपेंद्र यादव, रामेश्वरी साह, डॉ. जोगेश्वर शर्मा, सद्दाम हुसैन आदि ने भी संबोधित किया. इस मौके पर पंचायत अध्यक्ष चंदन साह, जितेंद्र सदा, रमेश महतो, धनु सदा, नीतीश कुमार, बलराम निषाद, मोहम्मद आफताब, विशुनदेव साहनी, कैलाश यादव, बौआ झा, दीपक कुमार, मोहम्मद जाफरी, सुशील साह, अनिल कुमार सहित सैकड़ों राजद कार्यकर्ता उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >