Begusarai News : तेघड़ा प्रखंड के मधुरापुर दियारा क्षेत्र में किसानों की आवाजाही आसान बनाने के लिए पीपा पुल निर्माण की दिशा में पहल तेज हो गई है. बुधवार को केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह की पहल पर बिहार पुल निर्माण विभाग की टीम ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी की.
किसानों की मांग पर शुरू हुई पहल
जानकारी के अनुसार, दिशा की बैठक में कृष्णनंदन सिंह ने मधुरापुर दियारा में पीपा पुल निर्माण का मुद्दा उठाया था. इसके अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के क्षेत्र भ्रमण के दौरान मधुरापुर के किसान बच्चू सिंह, झगरू सिंह, उमेश सिंह, पोलो सिंह, शत्रुघ्न सिंह और रामबली सिंह ने दियारा क्षेत्र तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों से उन्हें अवगत कराया था. इसके बाद केंद्रीय मंत्री की पहल पर बिहार पुल निर्माण विभाग ने स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की.
बोल्डर घाट का किया गया निरीक्षण
बिहार पुल निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर वीरेंद्र कुमार ने मधुरापुर स्थित बोल्डर घाट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न तकनीकी पहलुओं का आकलन किया और आवश्यक जानकारी एकत्र की. उन्होंने बताया कि विभाग के निर्देश पर स्थल का निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान यह स्थान पीपा पुल निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया और यहां पुल का निर्माण आवश्यक प्रतीत होता है.
दो से ढाई किलोमीटर लंबा बन सकता है पीपा पुल
जूनियर इंजीनियर वीरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रस्तावित पीपा पुल की लंबाई लगभग दो से ढाई किलोमीटर हो सकती है. पुल बनने के बाद किसान ट्रैक्टर के माध्यम से अनाज, खाद, भूसा, ईंधन और अन्य कृषि सामग्री आसानी से दियारा क्षेत्र तक पहुंचा सकेंगे. उन्होंने कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट विभाग को सौंप दी जाएगी. इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी होने पर निर्माण कार्य को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
किसानों की होगी लाखों रुपये की बचत
वर्तमान में किसानों को ट्रैक्टर दियारा क्षेत्र में ले जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है. इसके लिए प्रति ट्रैक्टर लगभग 1,200 रुपये खर्च करने पड़ते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार प्रतिदिन करीब 100 से 150 ट्रैक्टर-ट्रॉली दियारा क्षेत्र में आती-जाती हैं. ऐसे में पीपा पुल बनने के बाद किसानों की प्रतिदिन लगभग 1.5 लाख रुपये तक की बचत हो सकती है. इससे खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.
Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत
