LNMU ने पीजी प्रथम सेमेस्टर की पहली मेरिट लिस्ट की जारी, 13 जुलाई से शुरू होगा नामांकन, जानें पूरी प्रक्रिया

LNMU PG Admission 2026 : LNMU ने स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 के लिए पहली चयन सूची जारी कर दी है. चयनित अभ्यर्थी 13 से 16 जुलाई तक अपना नामांकन करा सकते हैं, और नई कक्षाएं 17 जुलाई से शुरू होंगी. इस वर्ष पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है.

LNMU PG Admission 2026 : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए पहली चयन सूची जारी कर दी है. चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 13 से 16 जुलाई तक संबंधित पीजी विभागों और अंगीभूत कॉलेजों में होगा. 17 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी.

समर्थ पोर्टल से पूरी होगी नामांकन प्रक्रिया

इस वर्ष पहली बार पीजी नामांकन की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है. विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों की वरीयता, स्नातक परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेधा सूची और राज्य सरकार की आरक्षण नीति के आधार पर कॉलेज एवं विभाग आवंटित किए हैं. अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी और पासवर्ड की सहायता से लॉग-इन कर चयन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं.

18 जुलाई तक पोर्टल पर अपडेट करना होगा विवरण

विश्वविद्यालय ने सभी पीजी विभागाध्यक्षों और अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि नामांकन के बाद छात्रों का विवरण 18 जुलाई को अपराह्न दो बजे तक समर्थ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करें. निर्धारित समय तक जानकारी अपलोड नहीं होने पर संबंधित छात्र का नामांकन दावा स्वतः समाप्त माना जाएगा.

दस्तावेजों का होगा कड़ा सत्यापन

नामांकन से पहले ऑनलाइन आवेदन में दर्ज सभी जानकारियों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. आरक्षण प्रमाण-पत्र, प्राप्तांक, लिंग और अन्य विवरण सही पाए जाने पर ही नामांकन स्वीकृत होगा. गलत अंक, गलत आरक्षण श्रेणी या भ्रामक जानकारी देने वाले अभ्यर्थियों का नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि नामांकन के बाद भी किसी प्रकार की विसंगति पाई जाती है, तो नामांकन रद्द कर दिया जाएगा.

इन अभ्यर्थियों से नहीं लिया जाएगा नामांकन शुल्क

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि कॉलेज अपने स्तर से नामांकन फॉर्म वितरित नहीं करेंगे. राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों तथा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों से नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा.

दूसरी चयन सूची भी होगी जारी

विश्वविद्यालय ने बताया कि पहली चयन सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि विभिन्न श्रेणियों में सीटें रिक्त रहती हैं, तो दूसरी चयन सूची जारी की जाएगी.

Also Read : बेगूसराय रेड क्रॉस सोसायटी में 10 साल बाद होगा चुनाव, 18 जुलाई से नामांकन, 30 जुलाई को मतदान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Published by: Sakshi Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >