जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और कुदाल चले, चार घायल

बेगूसराय के बरियारपुर पश्चिमी गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए. घायलों में दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

Begusarai News: बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर प्रखंड अंतर्गत बरियारपुर पश्चिमी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और कृषि उपकरणों से हमला कर दिया. घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में भर्ती कराया गया, जहां से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया.

चार लोग घायल, दो की हालत गंभीर

घायलों में एक पक्ष के ललन शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र सिकंदर कुमार उर्फ चन्द्रगुप्त मुनि तथा सुरेश प्रसाद सुमन के 27 वर्षीय पुत्र सुमंत कुमार शामिल हैं. वहीं दूसरे पक्ष से राम दयाल महतो के 49 वर्षीय पुत्र रविन्द्र कुमार तथा राम उदगार महतो के 56 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार उर्फ अरुण महतो घायल हुए हैं.

खेत की जोताई के दौरान बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट की घटना बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के बाबा डिहवार स्थान गौरवद्धा से मसुराज जाने वाली सड़क किनारे स्थित खेत में हुई. जमीन पर कब्जे और जोताई को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.

दोनों पक्षों ने जमीन पर जताया अपना-अपना दावा

नागाधाम, बरियारपुर पश्चिमी के पुजारी चन्द्रगुप्त मुनि ने दावा किया कि विवादित भूमि नागाधाम ठाकुरबाड़ी की केवाला जमीन है. उन्होंने बताया कि यह भूमि खाता संख्या-64, खेसरा संख्या-4668 में दर्ज है और इसकी रसीद भी अद्यतन है. उनका आरोप है कि अरुण महतो इस जमीन पर जबरन खेती कर रहे हैं.

वहीं दूसरे पक्ष के अरुण महतो ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके परिवार का इस जमीन पर कई दशकों से कब्जा और अधिकार है. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1957 में उनके दादा को यह जमीन दान में मिली थी और तभी से उनका परिवार इस पर खेती करता आ रहा है.

मारपीट का वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग कुदाल और डंडे से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. स्थानीय लोग मामले के शांतिपूर्ण समाधान की मांग कर रहे हैं. खोदावंदपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajesh kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >