Begusarai News : साहेबपुरकमाल. सावन की पहली सोमवारी पर सहरसा जिले के बाबा मटेश्वर धाम में जलाभिषेक को लेकर रविवार को छर्रापट्टी राजघाट पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गंगा स्नान और पवित्र जल लेने पहुंचे डाक बम कांवरियों के हर-हर महादेव के जयकारे से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया.
श्रावणी मेला का हुआ विधिवत उद्घाटन
छर्रापट्टी में आयोजित श्रावणी मेला का उद्घाटन विधायक सत्तानंद संबुद्ध उर्फ ललन यादव, बलिया एसडीओ एवं राजद नेत्री चित्रता मेहता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. मौके पर बीडीओ रवि सिन्हा, सीओ संतोष कुमार, थाना प्रभारी राजेश कुमार, श्रावणी मेला कमिटी के अध्यक्ष अनिल यादव, सिकंदर यादव, रणबीर कुमार रमण, अजय कुमार भारती, निलेश कुमार, निरंजन यादव, देश गौरव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
पहली बार प्रशासनिक व्यवस्था से बढ़ी मेले की भव्यता
कई वर्षों से आयोजित हो रहे इस मेले में पहली बार जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नदी में बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ टीम, गोताखोर, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, पंडाल, शुद्ध पेयजल और शौचालय सहित कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. इससे मेले की भव्यता और बढ़ गई.
छर्रापट्टी घाट बना मिनी सुल्तानगंज
छर्रापट्टी घाट से मल्हीपुर चौक तक होटल और कांवर दुकानों की बड़ी संख्या से पूरा क्षेत्र मिनी सुल्तानगंज जैसा नजर आ रहा था. कांवरियों की सेवा और सुविधा के लिए जगह-जगह व्यवस्थाएं की गई हैं.
बाबा मटेश्वर धाम के लिए पैदल रवाना होते हैं श्रद्धालु
बताया जाता है कि सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत बलवाहाट पंचायत स्थित बाबा मटेश्वर धाम में जलाभिषेक के लिए सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया सहित कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. सावन माह के प्रत्येक रविवार को महिला और पुरुष शिवभक्त भगवा वस्त्र धारण कर छर्रापट्टी राजघाट पहुंचते हैं. यहां उत्तरायणी गंगा में स्नान कर संकल्प पूजा करते हैं और जल पात्र में पवित्र गंगाजल भरकर बोल बम के जयघोष के साथ पैदल बाबा मटेश्वर धाम के लिए रवाना होते हैं.
कांवरियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविर
डाक कांवरियों की सुविधा के लिए शालिग्रामी से लेकर रघुनाथपुर, हीरा टोल सहित कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए हैं. इन शिविरों में कांवरियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
