Begusarai News : वीरपुर. वीरपुर के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले के क्षेत्र में वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. इसके कारण पूजा समितियों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव से निजात दिलाने की दिशा में जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस पहल नहीं होने पर जन प्रेरणा समिति के सदस्यों ने खुद पहल की. समिति के लोगों ने जगह-जगह जलजमाव वाले स्थानों पर राबिश डालकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया.
पूजा स्थल के पास वर्षों से जमा है पानी
जन प्रेरणा समिति के अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पूजा स्थल के पास मुख्य सड़क पर वर्षों से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है. पानी जमा रहने के कारण श्रद्धालुओं के आने-जाने में काफी परेशानी होती है. इसी को देखते हुए समिति के सदस्यों ने श्रमदान कर जलजमाव वाले स्थान पर राबिश डालकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया है.
कई जिलों से पहुंचते हैं कृष्ण भक्त
अमित कुमार ने बताया कि वीरपुर के इस धार्मिक स्थल पर बेगूसराय जिले के अलावा कई अन्य जिलों से भी कृष्ण भक्त पहुंचते हैं. ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. ऐसे में मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है. जलजमाव के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए समिति की ओर से यह पहल की गयी है.
Also Read : औरंगाबाद की बिना ट्रेड लाइसेंस वाहन बिक्री करने वाली एजेंसी सील, दो प्रतिष्ठानों की हुई जांच
कांवरियों की सेवा में भी जुटी है समिति
समिति के कोषाध्यक्ष सौरव कुमार ने बताया कि जन प्रेरणा समिति की ओर से गढ़पुरा स्थित हरिगिरिधाम जा रहे कांवरियों की सेवा के लिए पानी, चाय और आइसक्रीम के स्टॉल लगाये जाते हैं. समिति के सदस्य कांवरियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सेवा में जुटे रहते हैं.
Also Read : अंबा में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, 20 जिलों के प्रखंड अध्यक्षों ने लिया प्रशिक्षण
तीन स्थानों पर हो रही जन्माष्टमी मेले की तैयारी
बताते चलें कि वीरपुर में तीन स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर जन्मोत्सव और मेले का आयोजन किया जा रहा है. विश्वकर्मा चौक के पास जन प्रेरणा समिति, कन्या मध्य विद्यालय के पास द ग्रेट यूथ सोसाइटी और यूको बैंक चौक के पास श्रीकृष्ण पूजा समिति की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले की तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं.
जलजमाव के स्थायी समाधान की जरूरत
स्थानीय लोगों का कहना है कि जन्माष्टमी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है. पूजा समितियों की ओर से अस्थायी तौर पर सड़क को समतल करने का प्रयास किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.
Also Read : मिलियन होप अस्पताल में शुरू हुआ ब्लड बैंक, पूर्व सांसद समेत जनप्रतिनिधियों ने किया रक्तदान
