Begusarai News : गढ़पुरा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाले बखरी-रोसड़ा मुख्य पथ के गढ़पुरा बाजार में अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है. सड़क के दोनों किनारों पर दुकानदारों द्वारा सामान फैलाने और अस्थायी दुकानें लगाने से मुख्य सड़क लगातार संकरी होती जा रही है. स्थिति यह है कि कई बार साइकिल और मोटरसाइकिल निकालना भी मुश्किल हो जाता है. व्यस्त समय में पैदल राहगीरों को भी सड़क से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ता है.
गढ़पुरा बाजार प्रखंड क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र होने के साथ आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य मार्ग भी है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, सरकारी कार्यालय, बैंक, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बाजार पहुंचते हैं. इसके अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से होकर विद्यालय आते-जाते हैं. सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा सामान रखे जाने और ग्राहकों के वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने से आवागमन के लिए जगह काफी कम रह जाती है.
स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी
सुबह और दोपहर के समय बाजार में स्थिति और गंभीर हो जाती है. स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ जाती है. वहीं, दुकानों के आगे फैले सामान और बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण स्कूली बच्चों को सड़क किनारे चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती. कई बार बच्चों को वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण की समस्या कोई नयी नहीं है. समय-समय पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई और अतिक्रमण हटाने की बात कही जाती है, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है. इससे आम लोगों में नाराजगी है.
अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को भी जाम से परेशानी
बाजार में अतिक्रमण के कारण अक्सर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. खासकर सुबह और शाम के समय मुख्य पथ पर आवागमन का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. छोटे वाहनों के साथ-साथ बस, ऑटो और अन्य बड़े वाहनों को भी निकलने में काफी परेशानी होती है. जाम के कारण कई बार वाहन चालक वैकल्पिक रास्ते तलाशते नजर आते हैं.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बखरी-रोसड़ा मुख्य पथ के गढ़पुरा बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने, सड़क किनारे सामान लगाने पर रोक लगाने तथा वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी रूप से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.
Also Read : गोविंदपुर चौक और दरमनियां बाजार की सड़क बदहाल, हाइस्कूल के छात्र-छात्राओं को होती परेशानी
सड़क की जमीन तक फैलाया जा रहा सामान
स्थानीय लोगों के अनुसार, गढ़पुरा बाजार में सड़क के दोनों ओर दुकानदार सड़क की जमीन तक सामान फैला देते हैं और अस्थायी ढांचे भी लगा देते हैं. इसके कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गयी है. इससे आये दिन जाम की स्थिति बनी रहती है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है.
क्या कहते हैं अधिकारी
गढ़पुरा बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण लगातार उत्पन्न हो रही जाम की समस्या को लेकर बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने गंभीरता जतायी है. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द अंचलाधिकारी के माध्यम से गढ़पुरा की मुख्य सड़क की नापी करायी जाएगी. इसके बाद सड़क की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क की मापी के बाद चिन्हित किए गये अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी. अतिक्रमण हटाने के दौरान यदि बल प्रयोग की आवश्यकता पड़ी, तो प्रशासन द्वारा बल प्रयोग भी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़क पर अवैध कब्जे के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है. प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा.
प्रशासन की ओर से सड़क की नापी और अतिक्रमण हटाने की घोषणा से स्थानीय लोगों में समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है.
Also Read : गोविंदपुर चौक और दरमनियां बाजार की सड़क बदहाल, हाइस्कूल के छात्र-छात्राओं को होती परेशानी
