प्रभात खबर इंपैक्ट: गढ़पुरा बाजार का जाम खत्म करने के लिए 20 सितंबर से अतिक्रमण हटाओ अभियान

गढ़पुरा मुख्य बाजार में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है. प्रशासन ने अब सख्त कार्रवाई का फैसला किया है. 20 सितंबर से अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान शुरू होगा, पहले माइकिंग से दुकानदारों को चेतावनी दी जाएगी.

बेगूसराय जिले के गढ़पुरा मुख्य बाजार में जाम की गंभीर होती समस्या को लेकर प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है. बाजार में सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के लिए 20 सितंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा.

इससे पहले शनिवार से पूरे बाजार में माइकिंग कराकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जाएगी.

प्रभात खबर ने उठाया था मुद्दा

गौरतलब है कि गढ़पुरा बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से सड़क किनारे दुकानें लगाने के कारण लगने वाले महाजाम की समस्या को ‘प्रभात खबर’ ने लगातार प्रमुखता से उठाया था. खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई शुरू की है.

सीओ ने दी चेतावनी व अपील

अंचलाधिकारी लवकुश कुमार ने बताया कि सड़क के दोनों किनारे अस्थायी अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है. लोगों को पहले स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जाएगा. माइकिंग के बावजूद अतिक्रमण न हटाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

पुलिस बल व मजिस्ट्रेट की मांग

सीओ ने बताया कि 20 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान के लिए बखरी अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव से मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की मांग की गई है. अंचलाधिकारी ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करते हुए सड़क और सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमण मुक्त रखें.

स्थायी अतिक्रमण की होगी मापी

वहीं, बाजार में मौजूद स्थायी अतिक्रमण को भी चिन्हित कर हटाने की तैयारी है. इसके लिए एडीएम से पांच अमीन की मांग की गई है. अमीन द्वारा मापी के बाद स्थायी अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि गढ़पुरा बाजार को जाम की समस्या से स्थायी रूप से निजात दिलाई जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपिन कुमार मिश्र

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >