Begusarai News : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार तेज वृद्धि से बलिया प्रखंड के दियारा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है. बुधवार की देर शाम से गुरुवार की देर शाम तक 24 घंटे के दौरान गंगा के जलस्तर में करीब 50 से 60 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई. तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण अब गंगा का रौद्र रूप दिखाई देने लगा है. इससे दियारा क्षेत्र की करीब 60 हजार से अधिक आबादी की चिंता बढ़ गई है. कई गांवों में बाढ़ का पानी घरों में प्रवेश कर चुका है और लोग सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं.
मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई बाढ़ पीड़ितों की परेशानी
गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच रुक-रुककर हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. भवानंदपुर पंचायत के शिवनगर, साहपुर, मसूदनपुर एवं भवानंदपुर गांव के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. कई टोलों में मवेशियों को बांधने के लिए सुरक्षित जगह नहीं बची है, जिससे पशुओं को पानी के बीच रखने की मजबूरी बनी हुई है.
मध्य विद्यालय शिवनगर के परिसर में चार फीट से अधिक पानी
शिवनगर स्थित मध्य विद्यालय के परिसर में चार फीट से अधिक बाढ़ का पानी फैल गया है. स्थिति यह है कि शिवनगर गांव के आगे और पीछे दोनों तरफ गंगा की मुख्य धारा बहने लगी है. इससे गांव के लोग दहशत के बीच रहने को विवश हैं और सुरक्षित स्थान की ओर जाने की तैयारी में जुटे हैं.
कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह भंग
बाढ़ के पानी के कारण प्रखंड क्षेत्र की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर तीन से पांच फीट तक पानी फैल गया है. इससे शिवनगर, साहपुर, भवानंदपुर, मीरअलीपुर, ताजपुर, गोखलेनगर विष्णुपुर, शादीपुर, सहबेकपुर, शैयदपुर, नगरगामा, अशर्फा, नौरंगा, पहाड़पुर, कमालपुर, सोनदीपी, परमानंदपुर, हसनपुर, किशनपुर, कस्बा, हुसैना, लालदियारा, सोनवर्षा, मिर्जापुर सहित हनुमाननगर-पहाड़पुर का प्रखंड एवं अनुमंडल मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह भंग हो गया है. इन गांवों के लोगों के लिए नाव की व्यवस्था नहीं होने से आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
एसडीओ ने नाव और टेंपो से दियारा क्षेत्र का किया निरीक्षण
गंगा के जलस्तर में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए गुरुवार को बलिया के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी सह एसडीओ अजय कुमार यादव ने दियारा क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने नाव एवं टेंपो से मीरअलीपुर, मसूदनपुर और साहपुर गांवों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति और बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया.
Also Read : बेगूसराय में गंगा जी में स्नान के दौरान डूबा 10 वर्षीय बालक, तलाश में जुटे गोताखोर
एक-दो दिनों में 2016 की बाढ़ के स्तर तक पहुंचने की आशंका
निरीक्षण के बाद एसडीओ अजय कुमार यादव ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. आने वाले एक-दो दिनों में जलस्तर का आंकड़ा वर्ष 2016 में आई बाढ़ के स्तर को छू सकता है. उन्होंने दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से अपील की कि निचले इलाकों में रहने वाले लोग समय रहते सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं.
चेचियाही ढाला पर बाढ़ पीड़ितों के लिए होगी व्यवस्था
एसडीओ ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए गुरुवार की शाम से चेचियाही ढाला पर रहने, भोजन और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी. पशुओं के लिए पशुचारे की व्यवस्था भी की जा रही है. राहत एवं बचाव कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं. प्रभावित लोगों तक हर संभव सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
Also Read : बेगूसराय में कार्बन क्रेडिट से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, आईआईटी रूड़की के विशेषज्ञों ने किया अध्ययन
गंगा में नहाने और रील बनाने से बचने की अपील
एसडीओ अजय कुमार यादव ने लोगों से गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने गंगा में रील बनाने, छलांग लगाने या नहाने से पूरी तरह परहेज करने को कहा है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
Also Read : बेगूसराय में गंगा जी में स्नान के दौरान डूबा 10 वर्षीय बालक, तलाश में जुटे गोताखोर
