गणेश चतुर्थी एवं विश्वकर्मा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को बखरी अनुमंडल सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने की.
इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा पूजा समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए.
एसडीएम का दिशा-निर्देश
एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ ने पूजा समितियों व आम लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान सभी समितियां प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों व समय सीमा का पालन करें.
सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, वीडियोग्राफी कराने और स्वयंसेवकों को तैनात करने का निर्देश दिया गया. उपद्रव या विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.
सुरक्षा व्यवस्था व झूला निर्देश
एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कहा कि मेला परिसर में प्रचार-प्रसार के माध्यम से सुरक्षा व यातायात नियमों की जानकारी दी जाए. उन्होंने झूला संचालकों को बेतरतीब तरीके से झूले न लगाने तथा सुरक्षा मानकों एवं क्षमता का पूरा ध्यान रखने का कड़ा निर्देश दिया.
सुरक्षा मानकों की अनदेखी से दुर्घटना होने पर संबंधित समिति व जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जिला स्तर से पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी.
अधिकारियों की अपील
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन के साथ पूजा समितियों और आम लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है.
समितियां भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली एवं अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान दें. किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें.
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में उपमुख्य पार्षद ज्ञानती देवी, बखरी बीडीओ कुमार मुकेश, सीओ उत्पल हिमवान, गढ़पुरा सीओ, बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, गढ़पुरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार, पूर्व मुख्य पार्षद सह जदयू नगर अध्यक्ष कुमारी संगीता राय, प्रमुख शिवचंद्र पासवान, शिल्पी गांधी, सीडीपीओ, सपा जिलाध्यक्ष दिलीप केशरी, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, बीके राय, भाकपा के जितेंद्र जीतू, मनोरंजन वर्मा, बहुआरा मुखिया जनार्दन यादव, राजद के मनोहर केशरी, घाघरा सरपंच रामचंद्र पासवान, सोनमा मुखिया रामकरण पासवान, प्रिंस परमार, गौतम सिंह राठौर, संजीत यादव, गढ़पुरा सुनील कुमार और रितुराज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित थे.
