परिहारा से गायब चार बच्चे नयी दिल्ली स्टेशन से बरामद

परिहारा गांव से एक साथ लापता हुए चार बच्चों के नई दिल्ली में सुरक्षित मिलने की सूचना से पूरे इलाके के लोगों में राहत देखी गयी.

बखरी. परिहारा गांव से एक साथ लापता हुए चार बच्चों के नई दिल्ली में सुरक्षित मिलने की सूचना से पूरे इलाके के लोगों में राहत देखी गयी. गुरुवार को अचानक बच्चों के गायब हो जाने से गांव में हड़कंप मच गया था. परिजन बच्चों की सलामती को लेकर बेहद चिंतित थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार सक्रिय थी. लापता बच्चों की पहचान अर्णव कुमार पुत्र अमरजीत सिंह, गौरव कुमार पुत्र संजीत शर्मा, सौरव कुमार और कृष्णा कुमार पुत्र कपिल देव महतो के रूप में की गयी है. जब परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने परिहारा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी. इधर परिहारा थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान आरपीएफ ने चारों बच्चों को पकड़ा है. इनमें से दो बच्चों के चाचा दिल्ली में ही रहते हैं, जिनके हवाले बच्चों को सौंप दिया गया है. पुलिस के मुताबिक चारों बच्चे बिना किसी को जानकारी दिए दिल्ली के लिए निकल गये थे. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चों ने ऐसा कदम क्यों उठाया. पुलिस इस मामले के पीछे के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. इस घटना के बाद बच्चों के सकुशल मिलने से गांव और परिजनों में खुशी का माहौल है. लेकिन बच्चों के अचानक घर छोड़ने की वजह सभी को सोचने पर मजबूर कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >