Begusarai News : जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा सहायक अवर निरीक्षक की परीक्षा 22 जुलाई को आयोजित की जायेगी. इसको लेकर डीएम श्रीकांत शास्त्री की अध्य्क्षता में कारगिल भवन में बैठक आयोजित की गयी. परीक्षा एक पाली में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 09:30 बजे से 10:30 बजे तक ही अनुमन्य रहेगा. 10:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रशासनिक एवं तकनीकी व्यवस्था की गयी है. सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे, सीसीटीवी के माध्यम से लाइव सर्विलांस किया जायेगा. जिसकी निगरानी आयोग के पटना मुख्यालय से की जायेगी. प्रत्येक परीक्षार्थी का डिजिटल बायोमेट्रिक थंब इंप्रेशन, प्रवेश द्वार पर फोटोग्राफी तथा परीक्षा कक्ष में रियल-टाइम वीडियोग्राफी की जायेगी. सभी केंद्रों को वीओआईपी हॉटलाइन के माध्यम से नियंत्रण कक्ष एवं आयोग से जोड़ा गया है. परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, कैलकुलेटर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. यह प्रतिबंध वीक्षकों पर भी लागू रहेगा. केवल केंद्राधीक्षक को प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार मोबाइल रखने की अनुमति होगी. जिला पदाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लिया जाय तथा किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराई जाय. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित साधन, पररूपधारण अथवा कदाचार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगी.
जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
बेगूसराय में 22 जुलाई को बिहार पुलिस ASI की परीक्षा 13 केंद्रों पर होगी। परीक्षा कदाचारमुक्त कराने के लिए प्रशासन ने जैमर और सीसीटीवी की व्यवस्था की है।

जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा