Begusarai News : सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने गुरुवार को सोनपुर-बरौनी रेलखंड का सघन निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराना था. निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलखंड में ट्रैक की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, समपार फाटकों, रेल परिचालन व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संरक्षा मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए.
स्काउट एंड गाइड विद्यालय का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम अमित सरन गढ़हरा स्थित स्काउट एंड गाइड बाल शिक्षा निकेतन विद्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन भी किया.
रेलवे इंटर कॉलेज और आरपीएसएफ बैरक की व्यवस्थाओं की समीक्षा
डीआरएम अमित सरन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) धीरज प्रसाद ने पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज, गढ़हरा का भी निरीक्षण किया. उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं तथा संस्थान की आवश्यकताओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई. इसके बाद उन्होंने आरपीएसएफ रेलवे सुरक्षा विशेष बल की 11वीं वाहिनी, गढ़हरा का निरीक्षण किया. यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेस, आवासीय क्वार्टर, कैंटीन, भंडार कक्ष एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
नई कैलेंडरिंग मशीन और वाशर एक्सट्रेक्टर का किया शुभारंभ
बरौनी-गढ़हरा स्थित इकाई के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने नई कैलेंडरिंग मशीन एवं वाशर एक्सट्रेक्टर का शुभारंभ किया. इसके बाद उन्होंने बेडशीट धुलाई, सफाई, प्रेसिंग तथा संबंधित कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया.
Also Read : सड़क हादसे में जान गंवाने वाले ट्रक चालक के परिवार को चालकों ने दी 17.79 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
बरौनी स्टेशन, कोचिंग डिपो और गुड्स शेड का भी किया निरीक्षण
डीआरएम ने कोचिंग डिपो बरौनी, बरौनी जंक्शन तथा गुड्स शेड का निरीक्षण कर रखरखाव, परिचालन व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की. इसके अलावा बछवाड़ा स्टेशन का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पैनल रूम, स्टेशन परिसर एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
Also Read : नवादा में अंचल कार्यालय परिसर से शिक्षक की बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
नियमित निरीक्षण से मजबूत होगी रेल व्यवस्था
रेल प्रशासन ने बताया कि सोनपुर मंडल द्वारा संरक्षा, सुरक्षा, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं तथा आधारभूत संरचना के निरंतर उन्नयन के लिए इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके.
Also Read : नवादा में बढ़ता ध्वनि प्रदूषण बना चिंता का विषय, प्रेशर हॉर्न और डीजे के शोर से लोग परेशान
