बखरी पहुंचे डीएम रिची पांडे, विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

Begusarai News : डीएम रिची पांडे ने बखरी में समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं की प्रगति जानी और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

Begusarai News : जिला पदाधिकारी रिची पांडे सोमवार को बखरी पहुंचे. यहां पहुंचने पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया. इसके बाद अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक कर प्रखंड एवं अनुमंडल क्षेत्र में सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली. बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुंचाने तथा आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

एसडीओ ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और विकास कार्यों की दी जानकारी

समीक्षा बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने बखरी अनुमंडल की भौगोलिक स्थिति, जिला मुख्यालय से दूरी, सड़क एवं बिजली व्यवस्था, मुख्य बाजार में जाम की स्थिति, निर्माणाधीन अनुमंडल अस्पताल एवं डिग्री कॉलेज, व्यवहार न्यायालय के लिए चिह्नित जमीन तथा रेलवे ढाला पर आरओबी के प्रस्ताव भेजने सहित क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी डीएम को दी. उन्होंने बखरी अनुमंडल की चौहद्दी एवं यहां संचालित विभिन्न विकासात्मक कार्यों की स्थिति से भी जिला पदाधिकारी को अवगत कराया.

पूर्व मुखिया ने लंबित भुगतान का मामला उठाया

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी बखरी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा. पूर्व मुखिया तुफैल अहमद खान ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व सलौना पंचायत के समय लगभग साढ़े 14 लाख रुपये की राशि से कई विकास योजनाओं का संचालन किया गया था. लेकिन उक्त योजनाओं की राशि का भुगतान अब तक नहीं हो सका है. उन्होंने डीएम से मामले की जांच कर लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग की.

पंचायत में आधार केंद्र शुरू कराने की मांग

बागवान पंचायत के मुखिया योगेंद्र राय ने पंचायत में आधार केंद्र शुरू कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि आधार संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है.

डिग्री कॉलेज में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू कराने की मांग

घाघरा पंचायत के मुखिया नंदकिशोर तांती एवं वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रिंस सिंह ने निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज का मुद्दा डीएम के समक्ष उठाया. उन्होंने कहा कि कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा कर इसी सत्र से नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने के साथ पढ़ाई भी शुरू करायी जाए. इससे बखरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

व्यवहार न्यायालय की जमीन को लेकर जतायी चिंता

अधिवक्ता सह वार्ड पार्षद मधुसूदन महतो ने व्यवहार न्यायालय के निर्माण के लिए चिह्नित जमीन का मुद्दा भी जिला पदाधिकारी के समक्ष उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि भूमाफिया एवं दलालों द्वारा शकरपुरा-महुआरी में व्यवहार न्यायालय के निर्माण के लिए चिह्नित जमीन के स्थान पर दूसरे स्थान पर कोर्ट भवन बनवाने का प्रयास किया जा रहा है.

उन्होंने डीएम रिची पांडे को आवेदन देकर पटना हाईकोर्ट से स्वीकृत एवं चयनित भूमि पर ही व्यवहार न्यायालय भवन का निर्माण कराने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि न्यायालय भवन के लिए पूर्व से चयनित भूमि में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाना चाहिए.

Also Read : बटाने नदी में डूबे औरंगाबाद के युवक का शव बरामद, दो दिन बाद मूंज की झाड़ी में मिला राजू का शव

आवास, नल-जल और राजस्व मामलों के निष्पादन का निर्देश

बैठक के अंत में डीएम रिची पांडे ने आवास योजना, नल-जल योजना, राशन कार्ड, शिक्षा, आंगनबाड़ी, भूमि विवाद, लोक शिकायत निवारण सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

डीएम ने शिकायत लेकर कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के साथ सहूलियतपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने पर जोर दिया. उन्होंने अधिकारियों को अपीलीय प्राधिकार, दाखिल-खारिज, भू-लगान सहित राजस्व से जुड़े मामलों की जांच कर समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय से लेकर राज्य स्तर तक अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े.

Also Read : नवीनगर में अखिल भारतीय सवर्ण महासम्मेलन, यूजीसी और आरक्षण नीति में सुधार की उठी मांग

जनता दरबार में अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने पर जोर

डीएम ने शनिवारीय जनता दरबार सहित अन्य जनसुनवाई कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

मौके पर मुख्य पार्षद गीता कुशवाहा, प्रखंड प्रमुख शिवचंद्र पासवान, भूमि सुधार उप समाहर्ता ललित कुमार सिंह, एसडीपीओ कुंदन कुमार, सीओ हिमवान विप्लव, नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्लचंद्र यादव, जीविका बीपीएम सुशील कुमार, बीईओ रामशंकर पासवान आदि मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन बीडीओ कुमार मुकेश कर रहे थे.

Also Read : जून-जुलाई में रूठे इंद्र अगस्त में अन्नदाताओं पर मेहरबान, औरंगाबाद में सामान्य से 15.68% अधिक हुई बारिश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >