प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की डीएम ने की समीक्षा, बैंकों को अनावश्यक दस्तावेज नहीं मांगने का निर्देश

Begusarai News : बेगूसराय जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत 441 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित हो चुके हैं. जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बैंकों को अनावश्यक दस्तावेज मांगने पर सख्त हिदायत दी है.

Begusarai News : कारगिल भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड की विभिन्न योजनाओं, विशेष रूप से प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में विद्युत विभाग बेगूसराय एवं बरौनी के कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग के एसडीओ, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

जिले में 441 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित

समीक्षा के दौरान बताया गया कि बेगूसराय जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 1,638 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 441 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं. योजना के अंतर्गत 695 उपभोक्ताओं ने बैंक ऋण के लिए आवेदन किया, जिनमें से 302 आवेदनों में पूर्ण अथवा आंशिक ऋण राशि का वितरण किया गया है.

अनावश्यक दस्तावेज मांगने पर डीएम सख्त

बैठक में यह भी सामने आया कि कई मामलों में उपभोक्ताओं से अनावश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं या बिना स्पष्ट कारण बताए उनके आवेदन अस्वीकृत किए जा रहे हैं. इस पर जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तीन किलोवाट तक के सोलर संयंत्र के लिए दो लाख रुपये तक के ऋण हेतु केवल निर्धारित आवश्यक दस्तावेज ही स्वीकार किए जाएं. पैन कार्ड, कई माह के बिजली बिल, भूमि की रजिस्ट्री, बैंक स्टेटमेंट, सिबिल रिपोर्ट अथवा आयकर रिटर्न जैसे अतिरिक्त दस्तावेजों की अनिवार्य मांग नहीं की जाए.

योजना के तहत मिल रही है केंद्रीय सब्सिडी

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मिलने वाली केंद्रीय सब्सिडी की भी जानकारी दी गई.

इसके अनुसार-

  • एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30,000 रुपये की सब्सिडी.
  • दो किलोवाट क्षमता पर 60,000 रुपये की सब्सिडी.
  • तीन किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता के सोलर संयंत्र पर 78,000 रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है.

लंबित ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने तथा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों को समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया. बैठक के अंत में उन्होंने लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, अनावश्यक विलंब समाप्त करने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का जनहित में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

Also Read : नवादा का 'गूगल मैन', एक बार नाम बताइए और सुनिए अधिकारियों की पूरी जानकारी



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >