Dinkar University Begusarai : बिहार विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर बेगूसराय जिले में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की है. उन्होंने कहा कि जिले में उच्च शिक्षा का तेजी से विस्तार हो रहा है और वर्तमान परिस्थितियों में एक स्वतंत्र विश्वविद्यालय की स्थापना समय की आवश्यकता बन गई है.
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक पंचायत में प्लस-टू विद्यालय और प्रत्येक प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय स्थापित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है. बेगूसराय के सभी 18 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों के विस्तार की प्रक्रिया जारी है. वर्तमान में जिले में पांच अंगीभूत और तीन संबद्ध डिग्री महाविद्यालय संचालित हैं, जबकि प्रस्तावित महाविद्यालयों के शुरू होने के बाद इनकी संख्या 20 से 25 तक पहुंचने की संभावना है.
लंबे समय से हो रही है मांग
एमएलसी ने बताया कि जिले में व्यावसायिक, तकनीकी, मेडिकल और शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भी संचालित हैं. वर्ष 1945 में स्थापित जीडी कॉलेज पिछले सात दशकों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है.
उन्होंने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि, छात्र संगठन, शिक्षाविद और प्रबुद्ध नागरिक लंबे समय से बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग करते रहे हैं. उनका कहना है कि स्वतंत्र विश्वविद्यालय बनने से उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, शोध, नवाचार, शैक्षणिक प्रशासन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी.
राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी पहचान
सर्वेश कुमार ने यह भी कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि और कर्मभूमि पर उनके नाम से विश्वविद्यालय की स्थापना बिहार की सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी.
उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से सात निश्चय-3 के उद्देश्यों तथा उच्च शिक्षा के दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा करने और आवश्यक प्रशासनिक व विधिक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल बेगूसराय ही नहीं, बल्कि उत्तर-मध्य बिहार के हजारों विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक और दूरगामी महत्व का साबित होगा.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
