CM Samrat Choudhary Simaria Dham Visit Preparations : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 19 जुलाई को बरौनी रिफाइनरी में प्रस्तावित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सिमरिया धाम आने की संभावना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. संभावित दौरे को देखते हुए सिमरिया धाम में साफ-सफाई, सुरक्षा और विकास कार्यों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी गई है.
Begusarai News : डीएम-एसपी ने किया तैयारियों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार सिमरिया धाम पहुंचे. उन्होंने एनटीपीसी के समीप बनाए गए हेलीपैड, निर्माणाधीन कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए.
गंगा आरती और दिनकर हाट का ले सकते हैं जायजा
संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री सिमरिया धाम में गंगा पूजन और गंगा आरती में शामिल होने के साथ-साथ मिथिला हाट की तर्ज पर प्रस्तावित दिनकर हाट, रिवर फ्रंट तथा सिमरिया धाम के समग्र विकास से जुड़े निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण करेंगे.
युद्धस्तर पर चल रहा है विकास और सौंदर्यीकरण कार्य
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए रिवर फ्रंट के आसपास लगी दुकानों को हटाया गया है. स्थायी सीढ़ी घाट पर जमी गाद को पंप की मदद से हटाया जा रहा है. सड़क मरम्मत, धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव, साफ-सफाई, स्नान घाटों की बैरिकेडिंग और हेलिपैड परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है.
दूसरे चरण में 34 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
सिमरिया धाम को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पहले चरण में 115 करोड़ रुपये की लागत से 250 मीटर लंबे सीढ़ी घाट का निर्माण कराया गया है. वहीं दूसरे चरण में लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट, कल्पवास क्षेत्र, सिमरिया बाजार के विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं.
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीडीसी आकाश चौधरी, सदर एसडीओ अश्विनी कुमार, डीटीओ राजीव कुमार, सदर टू डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति, डीपीएम बिट्टू सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम, तेघड़ा एसडीओ राकेश कुमार, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी, बरौनी सीओ हेमंत अंकुर, बीडीओ अनुरंजन कुमार, चकिया थानाध्यक्ष गौतम कुमार दास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
