Begusarai News : जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नारेपुर झमटिया गंगा घाट पर गुरुवार को 28 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिला. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गयी और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. मृतक की पहचान दादूपुर पंचायत के वार्ड संख्या 14, नारेपुर श्रवण टोल दियारा निवासी जयराम साह के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई.
गंगा में शव देखकर नाविक ने दी सूचना
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. प्रत्यक्षदर्शी नाविक भिखारी सिंह ने बताया कि उन्होंने गंगा नदी में एक शव तैरता हुआ देखा. पहले उन्हें लगा कि कोई व्यक्ति नदी में डूब रहा है, लेकिन करीब जाने पर पता चला कि वह एक युवक का शव था.
बुधवार दोपहर घर से निकला था मनीष
मृतक के चाचा प्रभु साह ने बताया कि मनीष बुधवार दोपहर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. गुरुवार सुबह गंगा नदी में उसका शव मिलने की सूचना मिली.
Also Read : औरंगाबाद सदर अस्पताल के आईसीयू में शुरू हुई लेवल-दो की सुविधा, गंभीर मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
परिवार की जिम्मेदारी मनीष पर थी
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना राय ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि मनीष मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. करीब छह वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी. उसके परिवार में पत्नी के अलावा चार वर्षीय बेटा और दो वर्षीय बेटी हैं. मनीष चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी. उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि गंगा नदी में एक युवक का शव मिला है, जिसकी पहचान हो चुकी है. शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
