बेगूसराय की 20 पंचायतें बाढ़ की चपेट में, खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां; बिहार के 11 जिले प्रभावित

बिहार में बाढ़ का विकराल रूप सामने आ रहा है. गंगा, कोसी, गंडक जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. 11 जिलों में 16.85 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हैं और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है. जानिए क्या है पूरी स्थिति.

Begusarai Flood : बिहार में बाढ़ का दायरा लगातार बढ़ रहा है. गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण बेगूसराय जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है. जिले के 5 अंचलों की 20 पंचायतों के 24 गांव और 45 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं. प्रशासन के अनुसार करीब 22 हजार की आबादी बाढ़ की चपेट में है.

नगर निगम क्षेत्र में भी बाढ़ का असर साफ दिखाई देने लगा है. नगर निगम के वार्ड संख्या 4 लभरचक, वार्ड संख्या 5 कमरुद्दीनपुर, वार्ड संख्या 6 मुसनटोल और वार्ड संख्या 18 कैलाशपुर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. पानी बढ़ने के साथ ही इन इलाकों में रहने वाले परिवार जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं. कई परिवार पहले ही बांध पर पहुंचकर शरण ले चुके हैं.

गुरुवार देर रात से जलस्तर बढ़ने की रफ्तार हुई तेज

स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दो दिनों से पानी धीरे-धीरे बढ़ रहा था, लेकिन गुरुवार देर रात से जलस्तर बढ़ने की रफ्तार तेज हो गई. इसके बाद प्रभावित इलाकों में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिवार के सदस्यों के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की है.

नदियां लाल निशान पर

गंगा के साथ-साथ कोसी, गंडक और बागमती जैसी प्रमुख नदियां भी लाल निशान से ऊपर बह रही हैं. हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 34 टीमें राहत-बचाव के काम में जुटी हैं.

11 जिलों में बाढ़ का असर

बेगूसराय के साथ राज्य के 11 जिले-भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, अरवल और पटना भी पानी के दबाव से जूझ रहे हैं. करीब 61 प्रखंडों की 300 से ज्यादा ग्राम पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं. खेतों में लगी फसलें डूब चुकी हैं, जबकि कई रास्तों पर पानी चढ़ने से गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से कट गया है. ऐसे में लोग ऊंचे स्थानों और बांधों पर शरण लेने को मजबूर हैं.

लाखों लोग हुए प्रभावित

आंकड़ों के मुताबिक करीब 16.85 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. नदी का पानी बढ़ने के साथ निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किल और बढ़ सकती है. इसी को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव का काम लगातार जारी है.

गांधी घाट पर गंगा पुराने रिकॉर्ड से ऊपर

पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 50.57 मीटर पहुंच गया है, जो 2016 के उच्चतम स्तर 50.52 मीटर से 5 सेंटीमीटर अधिक है. पानी का रुख अभी भी चढ़ाव पर बना हुआ है.

पटना जिले के पंडारक में भी गंगा ने 2021 का रिकॉर्ड पार कर लिया है. यहां जलस्तर 43.78 मीटर दर्ज किया गया है, जो पिछले उच्चतम स्तर से 5 सेंटीमीटर ज्यादा है. दोनों जगहों पर तेज बहाव के कारण दियारा और आसपास के इलाकों में खतरा बढ़ गया है.

सात नदियां लाल निशान के पार

गंगा के साथ गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, पुनपुन, बागमती और घाघरा भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. मुख्य नदी का पेट पहले से भरा होने के कारण सहायक नदियों के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है. इससे पानी कई जगह वापस लौटकर खेतों और रिहायशी इलाकों में फैल रहा है.

PHOTOS: डॉक्टर बनने का सपना देख रही साक्षी शर्मा ने फैशन की दुनिया में किया कमाल,जानिए बेगूसराय की बेटी ने कैसे दी अपने सपनों को उड़ान

निचले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना प्रशासन की पहली प्राथमिकता बनी हुई है. पानी बढ़ने वाले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है.

राहत-बचाव के लिए 34 टीमें मैदान में

बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 7 और एसडीआरएफ की 27 टीमें मुस्तैद हैं. नाव के जरिए पानी में घिरे गांवों से लोगों को निकालकर राहत शिविरों तक पहुंचाया जा रहा है. जिन इलाकों में जलभराव ज्यादा है, वहां राशन और पीने के पानी के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं.

तटबंधों पर भी दिन-रात निगरानी रखी जा रही है, ताकि पानी का दबाव बढ़ने पर कटाव की स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके.

अगले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है. ऐसे में अगर तेज बारिश होती है, तो नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है. बेगूसराई समेत 11 जिलों में पहले से करीब 17 लाख आबादी पानी से जूझ रही है. ऐसे में आने वाले दो दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं.

बाढ़ से बेगूसराय का हाल बेहाल: 20 पंचायतों में घुसा पानी, 22 हजार लोग प्रभावित, छतों पर शरण लेने को मजबूर परिवार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रागिनी शर्मा

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >