बेगूसराय: राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में बेगूसराय का जलवा, 3 स्वर्ण व 1 रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

बेगूसराय के खिलाड़ियों ने 9वीं राज्यस्तरीय सब-जूनियर एवं जूनियर कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है. 20 सदस्यीय टीम ने 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है. शिवानी, मुस्कान और अंजलि ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि आयुषी को रजत मिला.

Begusarai News: अरोड़ा हाउस विवाह भवन में आयोजित 9वीं राज्यस्तरीय सब-जूनियर एवं जूनियर कराटे प्रतियोगिता में बेगूसराय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे बिहार में रोशन किया है. जिला कराटे संघ के बैनर तले उतरी बेगूसराय की 20 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में कुल तीन स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया.

शिवानी, मुस्कान और अंजलि ने जीता गोल्ड, आयुषी को मिला सिल्वर

प्रतियोगिता के अलग-अलग वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिवानी कुमारी, मुस्कान कुमारी और अंजलि भारतीय ने स्वर्ण (गोल्ड) पदक जीता, जबकि आयुषी भारतीय ने रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किया.

कोलकाता में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

जिला कराटे संघ बेगूसराय के महासचिव सह मुख्य कोच गोविंद कुमार ने बताया कि ट्रेडिशनल कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता की तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों—शिवानी कुमारी, अंजलि भारतीय और मुस्कान कुमारी का चयन आगामी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता 2026 के लिए किया गया है, जो कोलकाता में आयोजित होगी.

10 जिलों के 350 खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा

इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेगूसराय के अलावा पटना, वैशाली, भागलपुर, समस्तीपुर, सारण, पश्चिमी चंपारण, दरभंगा, खगड़िया और बांका जिले से आए लगभग 350 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

विजेताओं का हुआ भव्य स्वागत

खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर पटना साहिब के विधायक रत्नेश कुशवाहा, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष सिंह, ट्रेडिशनल कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष अमित कुमार, महासचिव कौशल कुमार सिंह और टूर्नामेंट सचिव अमित कुमार सोनी ने बधाई दी. वहीं बेगूसराय लौटने पर जिला कराटे संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार सिन्हा, कोच जीवेश कुमार, शीलू कुमारी और गोपाल कुमार ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >