Begusarai News: सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय नीमा में बेटी के जन्म की खुशी में एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली. मटिहानी प्रखंड के मनियप्पा निवासी और मध्य विद्यालय नीमा में पदस्थापित शिक्षक मुरारी कुमार ने अपनी नवजात बेटी के जन्म की खुशी विद्यालय परिवार के साथ साझा की. बेटी की छठी के अवसर पर मंगलवार को उन्होंने विद्यालय परिसर में तिथि भोज का आयोजन किया.
बोले शिक्षक- घर में लक्ष्मी का हुआ आगमन
शिक्षक मुरारी कुमार ने कहा कि बेटी के रूप में उनके घर में लक्ष्मी का आगमन हुआ है और यह उनके जीवन का सबसे सुखद पल है. उन्होंने कहा कि इस खुशी को सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं रखना चाहते थे, इसलिए विद्यालय के बच्चों के साथ इसे मनाने का फैसला किया.
उन्होंने कहा कि समाज में आज भी बेटी के जन्म को लेकर कई तरह की भ्रांतियां हैं. ऐसे आयोजनों के माध्यम से बेटी के जन्म को लेकर सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की जा सकती है.
1000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भोज में हिस्सा
विद्यालय परिसर में आयोजित तिथि भोज में कक्षा एक से 10 तक के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं के अलावा सभी शिक्षक, रसोइये और अभिभावक शामिल हुए. सभी के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों की व्यवस्था की गयी थी.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा. बच्चों और विद्यालय परिवार ने शिक्षक मुरारी कुमार की पहल की सराहना की.
प्रधानाध्यापक ने की पहल की सराहना
विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेश कुमार सहनी ने शिक्षक मुरारी कुमार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक मिसाल पेश की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के संदेश को मजबूत करती है.
भोज में शामिल ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षक दंपती को बधाई दी तथा नवजात बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
