Begusarai Road Accident : बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नयानगर दुलारपुर बैंक ढाला के पास एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. इस हादसे में घायल एक युवक की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है. घायलों की पहचान बछवाड़ा थाना क्षेत्र के बेगमसराय (वार्ड संख्या तीन) निवासी राजकुमार राम के पुत्र नीरज कुमार, अजीत मांझी के पुत्र सुशील मांझी एवं मोकामा निवासी कैलाश मांझी के पुत्र नींबू मांझी के रूप में की गई है.
तेज रफ्तार हाइवा ने मारी टक्कर
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के संबंध में बताया कि बछवाड़ा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीनों युवक जीरोमाइल की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में बछवाड़ा की दिशा से ही आ रही एक हाइवा गाड़ी ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.
डायल 112 की टीम ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय नागरिकों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना की लिखित व मौखिक सूचना तत्काल डायल 112 हेल्प डेस्क पुलिस को दी गई. सूचना प्राप्त होते ही डायल 112 की गश्ती गाड़ी बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायल युवकों को आपातकालीन इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल तेघड़ा लेकर आई. चिकित्सकों के अनुसार, घायल सुशील मांझी की हालत सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है.
एक युवक बेगूसराय रेफर
उनके दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए हैं और शरीर के कई अन्य हिस्सों में भी गंभीर अंदरूनी चोटें लगी हैं. अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद नीरज और नींबू को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुशील मांझी को बेहतर और उच्च स्तरीय उपचार के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया.
सामान लाने मोकामा जाने के दौरान हुआ हादसा
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक नीरज कुमार ने बताया कि सुशील मांझी अपने फुफेरे भाई नींबू मांझी के घर मोकामा जा रहे थे. इसी यात्रा के दौरान दुलारपुर बैंक ढाला के समीप वे लोग इस भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि हम तीनों युवक रविवार को मजदूरी करने के उद्देश्य से दिल्ली जाने वाले थे. इसी सिलसिले में वे नींबू मांझी के साथ उनके घर से अपना जरूरी सामान लाने के लिए मोकामा जा रहे थे. रविवार को उन लोगों को बरौनी जंक्शन से दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया.
चालक की तलाश जारी
मामले के संबंध में तेघड़ा थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने बताया कि सड़क दुर्घटना की आधिकारिक जानकारी पुलिस प्रशासन को प्राप्त हुई है. त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और मोटरसाइकिल दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर तेघड़ा थाना लाया है. हालांकि, घटना के तुरंत बाद हाइवा गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार होने में सफल रहा. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि घायल युवक के परिजनों के द्वारा प्राप्त होने वाले लिखित आवेदन और पुलिसिया जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
