Begusarai News: बढ़ती गर्मी, प्रदूषण और बीमारियों के बीच जैव विविधता के महत्व को दर्शाने के उद्देश्य से राजकीयकृत मध्य विद्यालय, घाघड़ा में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.
पृथ्वी का प्रत्येक जीव एक-दूसरे पर निर्भर
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरणीय कार्यकर्ता एवं शिक्षक वसंत कुमार ने जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी का प्रत्येक जीव एक-दूसरे पर निर्भर है और सभी जीव प्रकृति के संतुलन के लिए जरूरी हैं. उन्होंने कहा कि दुनिया में लाखों प्रजातियाँ विलुप्त होने के कगार पर हैं, जिससे पारिस्थितिक असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है.
जैव विविधता का संरक्षण बहुत जरूरी
उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी, प्रदूषण और बीमारियों के बीच जैव विविधता ही मानवता की सबसे बड़ी उम्मीद है. पिछले कुछ वर्षों में नई-नई बीमारियों का तेजी से फैलना भी कहीं न कहीं प्रकृति के असंतुलन का परिणाम है. प्रधानाध्यापक कौशल किशोर क्रांति ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है.
शिक्षकों ने पेंटिंग की सराहना की
इस अवसर पर लवली, इशू, सृष्टि, खुशी, रितिका और शादाब आलम सहित कई विद्यार्थियों की पेंटिंग की सराहना की गई. उन्होंने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में पर्यावरणीय चेतना विकसित होती है. शिक्षक सन्नी सदा ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण ही मानव अस्तित्व की वास्तविक गारंटी है.
इसे भी पढ़ें: ‘बिहार सरकार’ लिखी सायरन गाड़ी में आए अपराधी, स्वर्ण व्यवसायी से फिल्मी अंदाज में लाखों की लूट
