बेगूसराय में 10 रुपये की कोल्ड ड्रिंक पर बवाल, लाइन होटल पर धावा बोल मालिक समेत 3 को पीटा, पुलिस जांच जारी

Begusarai News: बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र स्थित खातोपुर चौक के समीप एक प्रसिद्ध लाइन होटल में सोमवार को महज 10 रुपये के विवाद को लेकर 10 से 15 युवकों ने लाठी-डंडों के साथ धावा बोल दिया. हमलावरों ने होटल मालिक राजेश कुमार और दो कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई की और काउंटर व जेब से करीब 67 हजार रुपये नकद लूट लिए. पुलिस जांच में जुट गई है.

Begusarai News: (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट) बेगूसराय जिले के लाखो थाना क्षेत्र अंतर्गत खातोपुर चौक के समीप स्थित एक लाइन होटल में महज 10 रुपये के मामूली विवाद ने सोमवार को एक खौफनाक और हिंसक रूप ले लिया. यहाँ करीब 10 से 15 की संख्या में आए बेखौफ युवकों ने एक लाइन होटल पर अचानक धावा बोल दिया. हमलावरों ने होटल के भीतर घुसकर जमकर उत्पात मचाया और होटल मालिक व स्टाफ के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की. इस पूरी सनसनीखेज वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर हाथों में लाठी, डंडे और रॉड लेकर होटल में तोड़फोड़ और मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खातोपुर चौक स्थित ‘गुप्ता मिष्ठान भंडार सह लाइन होटल’ में मो. जमशेद नामक एक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ कोल्ड ड्रिंक खरीदने के लिए पहुंचा था. होटल संचालक ने कोल्ड ड्रिंक की निर्धारित कीमत 85 रुपये बताई, लेकिन ग्राहक जमशेद उसे 75 रुपये में ही बोतल देने की जिद पर अड़ गया. महज 10 रुपये कम करने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी कहासुनी और बकझक हुई. उस वक्त मामला शांत हो गया और युवक वहां से चले गए.

होटल मालिक की जेब और काउंटर से 67 हजार रुपये उड़ाने का आरोप, 3 घायल

होटल प्रबंधन का आरोप है कि इस विवाद के कुछ ही देर बाद मो. जमशेद अपने 10 से 15 अज्ञात सहयोगियों को लाठी-डंडों के साथ इकट्ठा कर दोबारा होटल पर धमक गया. होटल में घुसते ही सभी आरोपियों ने काउंटर पर बैठे होटल मालिक राजेश कुमार और वहां काम कर रहे कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए इस जानलेवा हमले से होटल और आस-पास के इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.

पीड़ित पक्ष ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बेरहमी से मारपीट करने के दौरान हमलावरों ने होटल मालिक राजेश कुमार की जेब में रखे 50 हजार रुपये जबरन निकाल लिए. इसके साथ ही काउंटर के गल्ले में रखे बिक्री के 17 हजार रुपये भी समेट कर फरार हो गए. इस हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल होटल मालिक और उनके दो कर्मचारियों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया है.

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

अस्पताल में इलाज करा रहे होटल संचालक राजेश कुमार ने बताया कि हमलावर दबंगई दिखाते हुए जबरन एमआरपी से कम कीमत पर कोल्ड ड्रिंक देने का दबाव बना रहे थे. जब नियमानुसार इसका विरोध किया गया, तो उन्होंने ग्रुप बनाकर सुनियोजित तरीके से होटल को निशाना बनाया और जानलेवा हमला कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. लाखो थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित होटल संचालक की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हमलावर युवकों के चेहरों को स्पष्ट कर उनकी पहचान की जा रही है. पुलिस ने दावा किया है कि मुख्य आरोपी मो. जमशेद और उसके साथियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Also Read: बिहार में अब एक और परीक्षा रद्द करने की मांग तेज, गांधी मैदान में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >