Begusarai News: नावकोठी के विभिन्न विद्यालयों में अगलगी से बचाव की जानकारी, मॉक ड्रिल का आयोजन

बेगूसराय के नावकोठी के विभिन्न विद्यालयों में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत “सुरक्षित शनिवार” मनाया गया. अगलगी से बचाव, कारण और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई. छात्रों को मॉक ड्रिल कराई गई. बिजली, गैस और पटाखों से सावधानी की सलाह दी गई. कई विद्यालयों में शिक्षक और विद्यार्थी शामिल रहे.

Begusarai News: (एस. एम. बेग की रिपोर्ट) मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत प्रखंड के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में “सुरक्षित शनिवार” के अंतर्गत आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों को अगलगी (आग लगने की घटना) से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा मॉक ड्रिल का अभ्यास कराया गया.

अगलगी के कारणों पर दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान फोकल शिक्षकों ने छात्रों को आग लगने के प्रमुख कारणों से अवगत कराया. इसमें पूजा-पाठ के दौरान जलती अगरबत्ती या मोमबत्ती को बिना निगरानी छोड़ना, बिजली उपकरणों एवं मोबाइल को चार्ज पर लगाकर छोड़ देना, बीड़ी-सिगरेट के अधजले टुकड़ों को इधर-उधर फेंकना शामिल बताया गया. इसके अलावा खेत-खलिहान में पराली जलाना तथा खराब या लोकल बिजली उपकरणों के कारण शॉर्ट सर्किट की संभावना पर भी चर्चा की गई.

शादी-विवाह और पटाखों से बढ़ता खतरा

शिक्षकों ने बताया कि शादी-विवाह के मौसम में बड़े पैमाने पर पटाखों के उपयोग से अगलगी की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, जिससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती है.

आपातकालीन स्थिति से निपटने के उपाय

कार्यक्रम में बताया गया कि आग लगने की स्थिति में तुरंत 101 नंबर पर अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए। फूस के घरों में मिट्टी या गोबर का लेप लगाने की सलाह दी गई. साथ ही शॉर्ट सर्किट से लगी आग में पानी के बजाय मिट्टी या बालू का उपयोग करने की जानकारी दी गई.

बिजली और गैस सुरक्षा पर जोर

शिक्षकों ने प्रमाणिक कंपनी के बिजली उपकरणों के उपयोग, तार और स्विच की नियमित जांच तथा गैस सिलेंडर के पाइप की समय-समय पर जांच करने की सलाह दी.

विद्यार्थियों का मॉक ड्रिल अभ्यास

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकलने का मॉक ड्रिल कराया गया, जिसमें बच्चों ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया का अभ्यास किया.

विद्यालयों में रही सक्रिय भागीदारी

यह कार्यक्रम मध्य विद्यालय समसा, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सैदपुर विष्णुपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगरस विशनपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चक्का, उत्क्रमित मध्य विद्यालय रजाकपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीरपुर, प्राथमिक विद्यालय विष्णुपुर, डुमरिया सहित कई विद्यालयों में आयोजित किया गया.

उपस्थित लोग

इस अवसर पर विद्यालय प्रधान संजीत कुमार महतो, रणधीर कुमार, शंभू महतो, मनटुन महतो, ललन कुमार, अशोक शर्मा, प्रियरंजन कुमार, योगेन्द्र कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

Also Read: CM सम्राट बोले- पुलिस को खुली छूट, अपराधियों को 48 घंटे में मिलेगा जवाब, बाहर रह रहे बिहारियों से भी की खास अपील

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >