बखरी में बाइक की डिक्की तोड़कर उड़ाए दो लाख रुपये बरामद, आरोपी की तलाश में छापेमारी

Begusarai Crime: बेगूसराय की बखरी थाना पुलिस ने बाइक की डिक्की तोड़कर चोरी किए गए दो लाख रुपये कटिहार से बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए मामले का खुलासा किया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

Begusarai News(विकाश मिश्रा): बेगूसराय जिले के बखरी थाना की पुलिस ने डिक्की तोड़कर चोरी किए गए दो लाख रुपये बरामद कर मामले के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यवसायियों एवं आम लोगों में भारी खुशी का माहौल है. बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि कांड संख्या-198/26 में दर्ज मामले के तहत चोरी किए गए दो लाख रुपये को कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद किया गया है.

आरोपी के घर मिली रकम

पुलिस द्वारा कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त सिंटू ग्वाला, पिता अधिक ग्वाला, निवासी नया टोला जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के घर से पूरी चोरी की राशि विधिवत बरामद की गई है. हालांकि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही मुख्य आरोपी सिंटू ग्वाला मौके से फरार हो गया था. उसकी त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है. इस पूरे मामले में पुलिस द्वारा आगे की अग्रिम कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है.

बैंक से निकाले थे रुपये

गौरतलब है कि बीते 2 जून को बखरी मुख्य बाजार स्थित कल्याणी मेडिकल स्टोर के समीप एक वारदात हुई थी. यहाँ खगड़िया जिला के इमली निवासी व व्यवसायी नीरज कुमार यादव बखरी मुख्य बाजार के पंजाब नेशनल बैंक से दो लाख रुपए की निकासी कर लीची खरीदने के लिए अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर उतरे थे. इसी दौरान अज्ञात शातिर चोरों ने बाइक की डिक्की को पलक झपकते ही तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए थे.

पुलिस की तत्परता की सराहना

इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था. घटना की लिखित सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी. तकनीकी अनुसंधान और लगातार की गई कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने चोरी की पूरी राशि बरामद कर मामले के खुलासे में बड़ी सफलता प्राप्त की है. स्थानीय लोगों एवं व्यवसायियों ने पुलिस की तत्परता और इस प्रभावी कार्रवाई की पुरजोर सराहना की है.

Also Read: पूर्व मुखिया कॉमरेड रामकुमार की श्रद्धांजलि सभा आयोजित, जुटे कई राजनीतिक दलों के दिग्गज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >