Begusarai News : बेगूसराय डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में मुख्यमंत्री सात निश्चय एवं सात निश्चय-2 के अंतर्गत संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
बैठक में उपविकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे. इस दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त अद्यतन प्रतिवेदन एवं आंकड़ों के आधार पर योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड व कुशल युवा
समीक्षा के क्रम में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई 2026 तक प्राप्त 1,247 आवेदनों में से 948 आवेदनों को स्वीकृति देकर 33.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए.
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में 285 आवेदन स्वीकृत किए गए. कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्राप्त सभी 3,336 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें 90.9 प्रतिशत अंकों के साथ बेगूसराय जिला राज्य स्तरीय रैंकिंग में चौथे स्थान पर रहा.
सिंचाई व नल-जल योजना
हर खेत तक सिंचाई का पानी योजना के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा लक्षित दो योजनाओं से 100 प्रतिशत प्रगति के साथ 70 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित की गई, जबकि लघु जल संसाधन विभाग का लक्ष्य शून्य रहा.
हर घर नल का जल योजना के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के 196 वार्डों में अनुरक्षण व उपभोक्ता शुल्क संग्रहण की स्थिति संतोषजनक पाई गई.
बीहट में शवदाह गृह का निर्माण
नगर परिषद बीहट क्षेत्र में बुडको के माध्यम से 10.02 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति से निर्मित शवदाह गृह का निर्माण कार्य 100 प्रतिशत भौतिक प्रगति के साथ पूर्ण कर लिया गया है. इस मोक्षधाम में चार लकड़ी आधारित तथा दो इलेक्ट्रिक फर्नेस की व्यवस्था की गई है.
कचरा प्रबंधन व सोलर स्ट्रीट लाइट
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन तथा घर-घर कचरा संग्रहण की प्रगति बेहतर पाई गई. डीएम ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
