बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट
Begusarai News : बेगूसराय जिला मुख्यालय के रतनपुर थाना क्षेत्र के निराला नगर स्थित किराये के मकान से केनरा बैंक के सीनियर मैनेजर ब्रजमोहन गुड्डू का सड़ा-गला शव मिलने के बाद सदर अस्पताल का माहौल बेहद गमगीन हो गया. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय पहुंचे परिजनों के बीच मृतक की पत्नी जूही और छह वर्षीय पुत्र आद्विक सिंह की स्थिति देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. जूही ने रुंधे गले से बताया कि 24 जून की देर शाम उनकी पति से आखिरी बार मोबाइल पर बात हुई थी. उस दौरान ब्रजमोहन ने कहा था कि एक-दो दिन में पटना लौट रहा हूं. उन्होंने यह भी बताया था कि वह नियमित रूप से बैंक की ड्यूटी पर जा रहे हैं और जल्द ही परिवार के पास पहुंचेंगे.
पत्नी के आंसुओं ने हर किसी को किया भावुक
लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस शख्स के घर लौटने का इंतजार कर रही हैं, उसकी मौत की खबर उनका सब कुछ उजाड़ देगी. जूही ने बताया कि वह लगातार अपने पति के आने का इंतजार कर रही थीं. रविवार की सुबह अचानक सूचना मिली कि बेगूसराय में उनके पति की मौत हो गई है. यह खबर सुनते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं. महिलाएं बदहवास होकर रो रही थीं, जबकि जूही कभी अपने परिजनों से बात करतीं तो कभी मोबाइल पर रिश्तेदारों को घटना की जानकारी देतीं. उनके चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा था. इस बीच सबसे मार्मिक दृश्य छह वर्षीय पुत्र आद्विक सिंह का था. मासूम कभी अपनी मां के पास जाता तो कभी अन्य परिजनों के बीच दौड़ता-भागता और खेलता नजर आया.
किराये के कमरे से मिला था केनरा बैंक मैनेजर का शव
उसे शायद यह एहसास भी नहीं था कि उसके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ चुका है. मां उसे बार-बार अपने पास बुलाकर सिर पर हाथ फेरतीं और फिर आंसुओं को रोकने की कोशिश करतीं. अस्पताल परिसर में मौजूद हर व्यक्ति की नजर इस मासूम और उसकी मां पर टिक गई. परिवार पर टूटा यह दुख का पहाड़ देखकर हर किसी की आंखें नम हो गई. मालूम हो कि जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के निराला नगर मोहल्ले में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई थी, जब एक किराये के कमरे से केनरा बैंक के सीनियर मैनेजर का नग्न अवस्था में सड़ा-गला शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान पटना सिटी के पचरूखिया थाना क्षेत्र के बाली वार्ड-6 निवासी सुरेंद्र सिंह के 45 वर्षीय पुत्र ब्रजमोहन गुड्डू के रूप में हुई थी.
एक महीने से बैंक नहीं पहुंच रहे थे सीनियर मैनेजर, दुर्गंध आने पर खुला राज, कमरे से मिला सड़ा-गला शव
वह बेगूसराय प्रखंड के महारथपुर स्थित केनरा बैंक शाखा में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और पिछले तीन वर्षों से निराला नगर स्थित सुनील सदन में किराये पर रह रहे थे. जानकारी के अनुसार, रविवार को मकान से तेज दुर्गंध आने पर अन्य किरायेदारों को पहले लगा कि कहीं चूहा मर गया होगा. इसकी सूचना मकान मालिक के पुत्र संदीप कुमार को दी गई थी. जब उन्होंने संबंधित कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. चौकी पर ब्रजमोहन का नग्न अवस्था में सड़ा-गला शव पड़ा था.कमरे में सामान बिखरा हुआ था, पैर पर स्टैंड फैन गिरा हुआ था तथा फर्श पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे. मौके से पानी की बोतल और दवा का एक स्टीकर भी मिला. बैंककर्मियों के अनुसार,ब्रजमोहन पिछले करीब एक महीने से बिना किसी सूचना के बैंक नहीं आ रहे थे.
पत्नी बोलीं- जल्द पटना लौटने वाले थे, अचानक टूट गया संपर्क
वहीं उनकी पत्नी ने बताया कि वह जल्द ही पटना आने वाले थे,लेकिन अचानक संपर्क टूट गया. घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस एवं सदर एसडीपीओ-1 आनंद कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है.सदर एसडीपीओ-1 आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया शरीर पर स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं. मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच पर टिकी पुलिस की नजर
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी जांची जा रही है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा. पूरे मामले की गहन जांच जारी है.
Also Read : भीषण गर्मी से बेहाल नवादा, तेज धूप और उमस ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
