बिहार के इस जिले में बनेगा 800 MW का नया पावर प्लांट, बिजली संकट होगा दूर, जानें पूरा प्लान

Bihar New Power Plant: बिहार के बरौनी में 800 मेगावाट का नया अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट लगने जा रहा है. एनटीपीसी यहां पहली बार हाईटेक बैटरी स्टोरेज सिस्टम भी बनाएगा, जिससे पीक ऑवर में भी भरपूर बिजली मिलेगी.

Bihar New Power Plant: बिहार के बरौनी में 800 मेगावाट क्षमता वाली एक नई और आधुनिक थर्मल बिजली यूनिट लगाने की तैयारी चल रही है. यह यूनिट अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित होगी. इस नए प्लांट को लगाने के लिए जमीन की कोई कमी नहीं है. बरौनी में जो पुराना थर्मल पावर प्लांट अब बंद हो चुका है. उसी खाली जमीन का इस्तेमाल इस नए प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा. फिलहाल इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट पर काम हो रहा है. ऊर्जा मंत्रालय से मंजूरी मिलते ही इस काम में तेजी आ जाएगी.

बिहार में पहली बार लगेगा बैटरी स्टोरेज सिस्टम

इस नए बिजली प्लांट के साथ बरौनी में एक बड़ा बैटरी स्टोरेज यूनिट भी बनाया जाएगा. एनटीपीसी बिहार में पहली बार इस तरह के सिस्टम पर काम करने जा रही है. इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जब राज्य में बिजली की मांग सबसे ज्यादा होगी, तब इस बैटरी में स्टोर की गई बिजली का इस्तेमाल किया जा सकेगा. अभी पूरे बिहार में एनटीपीसी की सिर्फ एक 800 मेगावाट वाली यूनिट है, जो औरंगाबाद के नवीनगर में है.

नई तकनीक से कोयला और पानी दोनों की होगी बचत

इस नए प्लांट में इस्तेमाल होने वाली अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक के कई बड़े फायदे हैं. इसमें आम पावर प्लांट के मुकाबले प्रति यूनिट बिजली बनाने में 10 से 15 फीसदी कम कोयले की जरूरत पड़ती है. कोयला कम जलने की वजह से कार्बन डाइऑक्साइड, सल्फर और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी जहरीली गैसों का वातावरण में उत्सर्जन बहुत घट जाता है. इसके साथ ही इस प्लांट में पानी की भी भारी बचत होगी, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचेगा.

कहलगांव और कांटी में भी नए प्लांट पर विचार

बरौनी के अलावा एनटीपीसी आने वाले समय में कहलगांव और कांटी थर्मल पावर परिसरों में भी 800 मेगावाट की नई यूनिट्स लगाने पर विचार कर रही है. अभी वहां फिजिबिलिटी रिपोर्ट पर काम शुरू नहीं हुआ है. लेकिन कहलगांव में तीसरे चरण के तहत इस नए प्लांट को लगाने के लिए साइट सर्वे का काम पूरा हो चुका है और वहां भी पर्याप्त जमीन उपलब्ध है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बिहार में फिलहाल कितनी बिजली बना रहा एनटीपीसी

मौजूदा समय में बिहार के भीतर एनटीपीसी की कुल छह थर्मल पावर यूनिट्स काम कर रही हैं. इन सभी को मिलाकर राज्य की कुल कमर्शियल बिजली उत्पादन क्षमता 9500 मेगावाट है. इस समय एनटीपीसी के ये चालू बिजली प्लांट बिहार के बाढ़, औरंगाबाद, बरौनी, कांटी और कहलगांव में स्थित हैं.

इसे भी पढ़ें: सीवान पुलिस पर पथराव, ASI सहित 3 पुलिसकर्मी घायल, जानिए अचानक क्यों भड़के ग्रामीण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >