NEET में 601 अंक लाकर आयुष कुमार ने बढ़ाया बेगूसराय का मान, गांव में खुशी की लहर

Begusarai News : चांदपुरा गांव के आयुष कुमार ने NEET परीक्षा में 601 अंक लाकर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और अपनी डॉक्टर बहन को दिया है.

Begusarai News : सदर प्रखंड के चांदपुरा गांव निवासी आयुष कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में 601 अंक प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है. उनकी सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं.

सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया

आयुष कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और समाज के आशीर्वाद को दिया. उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार के निरंतर सहयोग की बदौलत यह सफलता हासिल हो सकी.

बहन से मिली डॉक्टर बनने की प्रेरणा

आयुष के पिता राकेश कुमार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में सब-इंस्पेक्टर हैं, जबकि उनकी माता रानी देवी गृहिणी हैं. उनकी बड़ी बहन पूजा कुमारी उत्तराखंड में डॉक्टर के पद पर कार्यरत हैं. आयुष ने बताया कि बहन से प्रेरित होकर ही उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लिया.

ग्रामीणों ने बताया प्रेरणास्रोत

आयुष की सफलता पर चांदपुरा गांव के लोगों ने खुशी जताई. ग्रामीणों ने कहा कि आयुष बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और मेहनती छात्र रहे हैं. उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी.

दादा-दादी ने दिया आशीर्वाद

आयुष के दादा एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य बैद्यनाथ सिंह तथा दादी प्रभामणि देवी ने कहा कि यह सफलता पूरे समाज के आशीर्वाद का परिणाम है. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि आयुष एक सफल, संवेदनशील और सेवाभावी डॉक्टर बनकर गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा करें.

ग्रामीणों ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की

ग्रामीण मोहन सिंह, केदार सिंह, मुकेश, मयंक, मानस, अनिल, गोरेलाल, अशोक, संजीत, आलोक, खुशी, बबलू सहित अन्य लोगों ने आयुष को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि आयुष भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूकर चांदपुरा, बेगूसराय और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin Kumar Mishra

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >