Akhand Ramdhuni Mahayagya Begusarai : (विकाश मिश्रा) बेगूसराय नगर परिषद बीहट के वार्ड संख्या-12 स्थित ऐतिहासिक श्रीधारा बाबा स्थान में बुधवार से 72 घंटे के अखंड रामधुनी महायज्ञ और मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. वैदिक मंत्रोच्चारण, धार्मिक अनुष्ठानों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं वीर हनुमान की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा प्रक्रिया शुरू की गई. आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है.
Begusarai News: 351 कन्याओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर 351 कन्याओं ने भव्य कलश शोभायात्रा निकाली. कलश यात्रा वार्ड संख्या-12 से शुरू होकर मोहन गंगा घाट पहुंची, जहां कन्याओं ने कलश में पवित्र गंगाजल भरा. इसके बाद यात्रा 6 नंबर ढाला होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इसका समापन हुआ.
श्रद्धालुओं के स्वागत में जगह-जगह हुई व्यवस्था
कलश यात्रा मार्ग में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह शरबत, ठंडा पानी और फल-फ्रूट की व्यवस्था की गई थी. महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने पूरे आयोजन को भव्य और आकर्षक बना दिया. यात्रा के दौरान जय श्रीराम और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
कलश यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. 6 नंबर ढाला रेलवे क्रॉसिंग पर विशेष सतर्कता बरती गई और कन्याओं को सुरक्षित पार कराया गया. वहीं कोल बोर्ड रोड पर कुछ समय के लिए यातायात रोककर शोभायात्रा को सकुशल निकाला गया.
100 साल पुराना है श्रीधारा बाबा स्थान का इतिहास
स्थानीय लोगों के अनुसार श्रीधारा बाबा स्थान का इतिहास करीब 100 वर्षों से भी अधिक पुराना है. यहां लंबे समय से पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों की परंपरा चली आ रही है. वर्ष 1999 में मुख्य मंदिर का निर्माण कराया गया था और अब यहां भव्य राम-जानकी मंदिर में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है.
Begusarai News: 28 जून को होगा महायज्ञ का समापन
पुरोहित ब्रह्मचारी रविंद्र सिंह के आचार्यत्व और मुख्य यजमान सुरेश सिंह की उपस्थिति में चल रहे इस धार्मिक आयोजन का समापन 28 जून को होगा. समापन अवसर पर विशाल भंडारा और महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
आयोजन को सफल बनाने में जुटी समिति
महायज्ञ और प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के सदस्य और ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं. भंडारे की व्यवस्था अरुण भारती उर्फ प्रेम एवं फूलों देवी द्वारा की जा रही है. वहीं समिति के सदस्य नरेश सिंह, रामरतन सिंह, रामहरे सिंह, रणधीर सिंह, बिपिन सिंह, सुबोध सिंह, दिलीप कुमार, सुरेश रजक, संजय सिंह, अखिलेश सिंह, रतन, प्रिया कुमारी, बेबी कुमारी, रूबी कुमारी और कृष किशोर सहित दर्जनों लोग आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
