सोनम वांगचुक के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

खोदावंदपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Begusarai News : लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार की शाम खोदावंदपुर में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला. मार्च के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की गयी तथा सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज बुलंद की गयी. पैदल मार्च की शुरुआत सीमान चौक से हुई, जो बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एस एच-55 होते हुए प्रखंड मुख्यालय खोदावंदपुर पहुंची. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने \"सोनम वांगचुक जिंदाबाद \", \"धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो \" एवं \"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्तीफा दो \" सहित विभिन्न नारे लगाये. प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा एवं जनहित से जुड़ी नीतियों की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का विश्वास कमजोर हुआ है. वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता है. सभा में वक्ताओं ने सोनम वांगचुक के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे जनहित के मुद्दों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और उनके आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिये. इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया. वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नवपदस्थापित अंचलाधिकारी नियमित रूप से कार्यालय नहीं आ रहे हैं, जिससे आम लोगों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की तथा चेतावनी दी कि स्थिति में सुधार नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जायेगा. पैदल मार्च में प्रखंड राजद अध्यक्ष जियाउर रहमान उर्फ सैफी, माले नेता अवधेश कुमार, प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद नाज हसन, राजद नेत्री सावित्री कुशवाहा, सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र महतो, छात्र आइसा के असीम आनंद, शिक्षाविद रामकृष्ण, प्रो. ब्रजनंदन यादव, प्रो. संजय कुमार सुमन, प्रो. राजेश प्रसाद सैनी, शशिकांत मेहता, चेरिया बरियारपुर प्रखंड राजद अध्यक्ष सुरेंद्र राम, रामप्रीत यादव, कैलाश यादव, चंद्रदेव सहनी, अरविंद कुमार यादव, रामभरोस महतो, विजय सिंह कुशवाहा, संतोष यादव, चंद्रशेखर चौधरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajesh kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >