बीहट : बरौनी प्रखंड अंतर्गत मोसादपुर पंचायत वार्ड-आठ निवासी रामू साह के पुत्र तीस वर्षीय मोती बाबू साह का शव उसके गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. पति के शव को देखते ही पत्नी पछाड़ खाकर गिर पड़ी. वहीं दो छोटे-छोटे बच्चे उससे लिपट कर रोने लगे.
वहीं माता-पिता का भी रो-रोकर हाल बेहाल था. परिजनों के विलाप से वहां मौजूद लोगों की आखें भी नम हो जा रही थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार मोती बाबू साह गैस टैंकर का चालक था. गैस टैंकर पारादीप उड़ीसा से गैस लोड लेकर नेपाल एनओसी जा रहा था.
सोमवार की अहले सुबह टैंकर पारादीप रिफाइनरी उड़ीसा के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. हादसे में चालक मोती बाबू साह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था. जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन इलाज के क्रम में ही उसकी मौत हो गयी.
घटना की खबर मिलते ही परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर छा गयी. पंचायत के मुखिया सह बिहार टैंकर एशोसिएशन के महासचिव मो सालीम खां ने बताया कि गैस टैंकर के मालिक द्वारा तत्काल दाह- संस्कार के लिए पैंतालिस हजार की राशि परिवार को उपलब्ध कराया गया है.
शेष पांच लाख की राशि भी जल्द उपलब्ध करा देने का आश्वासन दिया गया है. मौके पर अशोक शर्मा, अजय सिंह, मो मासूम खान, राजद नेता शंभु प्रसाद महतो, मो आरजू खान, रामू शाह सहित टैंकर चालक-उपचालक संघ के लोग उपस्थित थे. उपस्थित लोगों ने मृतक के परिवार को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया.
नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा में शामिल होने का किया आह्वान
साहेबपुरकमाल. गढ़पुरा नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा समिति बेगूसराय ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जन संपर्क अभियान चलाया और 17 से 21 अप्रैल तक मुंगेर से गढ़पुरा के ऐतिहासिक नमक सत्याग्रह स्थल तक आयोजित गढ़पुरा नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया.
जनसंपर्क अभियान में शामिल राजीव कुमार, रमेश महतो, सुशील सिंहानियां, मुकेश विक्रम यादव, डोमन महतो, संजीव पोद्दार, संजीवन पोद्दार, सुरेंद्र वर्मा ने मंगलवार को साहेबपुरकमाल, कुरहा, समस्तीपुर,सनहा, पंचवीर आदि गांवों में गढ़पुरा नमक सत्याग्रह गौरव यात्रा की जानकारी लोगों को दी और सहयोग की अपील की. इस अवसर पर संस्थापक राजीव कुमार ने बताया कि 2012 में बिहार शताब्दी वर्ष व बिहार केसरी श्रीबाबू की 125 वीं जयंती वर्ष पर प्रारंभ हुई यह ऐतिहासिक पदयात्रा का यह 8 वां वर्ष है.
चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण इस वर्ष यह पदयात्रा 2014 के चुनावों के दौरान आयोजित पदयात्रा की तरह सांकेतिक स्तर पर आयोजित किये जाने की योजना बनायी गयी है. नमक सत्याग्रह का यह 90 वां वर्ष है.
D
