कुंथा गांव में जमीन में हिस्सा मांगने पर की गयी मारपीट, दो महिला जख्मी

कुंथा गांव में जमीन में हिस्सा मांगने को लेकर भैसुर द्वारा दो छोटे भाइयों की पत्नियों के साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर देने का मामला सामने आया है.

शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के कामतापुर पंचायत अंतर्गत कुंथा गांव में जमीन में हिस्सा मांगने को लेकर भैसुर द्वारा दो छोटे भाइयों की पत्नियों के साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर देने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, कुंथा गांव की मीरा देवी, पति नवल यादव तथा मधु देवी, पति चंदन यादव ने अपने भैसुर लालू यादव, पिता बैधनाथ यादव पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है. पीड़ित दोनों महिलाओं ने बताया कि उनके ससुर बैधनाथ यादव की पहली पत्नी से कोई संतान नहीं थी, जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की. शादी के समय ही दूसरी पत्नी के साथ लालू यादव भी आए थे. आरोप है कि लालू यादव ने उनके ससुर की सारी संपत्ति पर कब्जा कर लिया है. जब उन्होंने संपत्ति में अपना हिस्सा मांगा तो गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गयी. घटना के बाद परिजन दोनों जख्मी महिलाओं को घायल अवस्था में ही थाना लेकर पहुंचे. थाना के पुलिस पदाधिकारी ने दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज भेज दिया. मीरा देवी, पति नवल यादव एवं मधु देवी, पति चंदन यादव ने लालू यादव, पिता बैधनाथ यादव के साथ-साथ उनके संबंधी मनोज यादव, पिता श्याम यादव, ग्राम बाबरपुर, थाना सबौर तथा अर्जुन यादव, पिता बसंत यादव, ग्राम मनियारपुर, थाना नाथनगर पर भी मारपीट का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. वहीं आरोपी लालू यादव सहित अन्य लोगों ने लगाये गये आरोपों को बेबुनियाद बताया है. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >