अमरपुर. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों पर चल रहे मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जांच के दौरान केंद्राधीक्षक ने तीन मुन्नाभाई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. जानकारी के अनुसार एलएन कॉलेज शाहपुर में गणित विषय की परीक्षा चल रही थी. केंद्र के केंद्राधीक्षक के द्वारा सभी परीक्षार्थियों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान तीन किशोर को केंद्राधीक्षक ने पकड़कर उनके पास मौजूद एडमीट कार्ड में अंकित फोटो से किशोर का पहचान किया, तो तीनो किशोर फर्जी परीक्षार्थी पाये गये. मौके पर केंद्राधीक्षक ने तीनों मुन्नाभाई को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. हिरासत में लिये गये परीक्षार्थी शंभुगंज थाना क्षेत्र के बसबिट्टा गांव निवासी देवेंद्र यादव का पुत्र अमरजीत कुमार, मुंगेर जिला के असरगंज निवासी रामावतार बिंद का पुत्र हरभजन कुमार एवं अमरपुर थाना क्षेत्र के बाजा गांव निवासी विजय मांझी का पुत्र बमबम कुमार शामिल है. पूछताछ के दौरान अमरजीत कुमार ने बताया कि वह अपने मित्र के बदले, हरभजन कुमार ने बताया कि वह अपने भांजे एवं बमबम कुमार ने बताया कि वह अपने चाचा के बदले परीक्षा दे रहा था. पुलिस तीनों मुन्नाभाई को हिरासत में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
