मंदार महोत्सव में सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम, असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

मंदार महोत्सव को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है.

बौंसी. मंदार महोत्सव को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से निबटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा. महोत्सव स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. प्रशासन द्वारा महोत्सव क्षेत्र को कई जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है. प्रत्येक सेक्टर में दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहेंगे. भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गयी है ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो. महोत्सव स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जायेगी. इसके अलावा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जायेगी, जो असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे. महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की भी पर्याप्त व्यवस्था की गयी है. आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है, जहां से पूरे महोत्सव की निगरानी की जायेगी. अग्निशमन दल, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. प्रशासन ने महोत्सव के दौरान शराब पीने, हुड़दंग करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. जिला प्रशासन ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण प्रदान करना है ताकि वे महोत्सव का आनंद शांतिपूर्ण ढंग से ले सकें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >