अमरपुर. नगर पंचायत की होनहार बेटी सिमरन सक्सेना ने खेल जगत में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए जिला व राज्य को गौरवान्वित किया है. सिमरन ने असम की टीम से खेलते हुए 17वीं जूनियर नेशनल रोल बॉल चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभायी. मालूम हो कि यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता गत 29 दिसंबर 2025 से एक जनवरी 2026 तक स्केटिंग रिंक, एमए स्टेडियम, जम्मू में आयोजित की गयी थी. जिसका आयोजन रोल बॉल एसोसिएशन ऑफ जम्मू एंड कश्मीर के तत्वावधान में हुआ. देश भर से आई मजबूत टीमों के बीच सिमरन का प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ रहा. जहां उन्होंने अपने कौशल, फुर्ती और रणनीतिक खेल से दर्शकों और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. सिमरन सक्सेना अमरपुर निवासी सोनू कुमार सक्सेना की पुत्री हैं. उनकी इस सफलता के पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति अटूट समर्पण है. सीमित संसाधनों के बावजूद सिमरन ने अपने जुनून को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनायी. उनकी इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे अमरपुर के लिए गौरव का क्षण बताया है. सिमरन आज उन बेटियों के लिए प्रेरणा बन गयी हैं, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
