श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिया सेवा और सुरक्षा का मंत्र

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 की सुरक्षा और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासनिक बैठक संपन्न हुई. डीएम अंशुल अग्रवाल ने इसे सेवा, समर्पण और आस्था का महापर्व बताते हुए टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया.

Shravani Mela: कटोरिया (बांका). गुरुवार, 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को अबरखा स्थित पर्यटन विभाग के पंडाल में डीएम अंशुल अग्रवाल एवं एसपी अमितेश कुमार की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई. बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, कर्मियों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया.

श्रावणी मेला सेवा और समर्पण का महापर्व : डीएम

डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि श्रावणी मेला केवल सरकारी ड्यूटी नहीं बल्कि सेवा, समर्पण और आस्था का महापर्व है. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले कांवरियों को बांका से सुखद अनुभव मिलना चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी संवेदनशीलता, धैर्य, संयम और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

'समस्या नहीं, समाधान बनने का करें प्रयास'

डीएम ने कहा कि हर दिन नई चुनौती लेकर आता है, इसलिए अधिकारी समस्या नहीं बल्कि समाधान बनने का प्रयास करें. उन्होंने मेला ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. साथ ही निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय से मौजूद रहें, श्रद्धालुओं से फीडबैक लें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें.

दुकानदारों के लिए भी जारी किए गए निर्देश

प्रशासन ने कांवरिया पथ पर दुकानदारों को अनुशासित रखने के निर्देश दिए हैं. सभी दुकानों पर डस्टबीन रखना अनिवार्य होगा. गंदा पानी मार्ग पर नहीं बहना चाहिए. खाद्य सामग्री की मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करनी होगी तथा दुकान या कांवर स्टैंड के कारण मार्ग का अतिक्रमण नहीं होने दिया जायेगा.

बेहतर समन्वय ही सफलता की कुंजी : एसपी

एसपी अमितेश कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला में ड्यूटी मिलना प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक और सम्मानजनक व्यवहार रखने का निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर समन्वय और सजगता से ही मेला शांतिपूर्ण एवं सफल बनाया जा सकता है.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बढ़ाई गई व्यवस्थाएं

एसडीएम राजकुमार ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पार्किंग स्थलों की संख्या 13 से बढ़ाकर 18 कर दी गई है. एक टेंट सिटी के स्थान पर अब पांच टेंट सिटी बनाई गई हैं. पीएचईडी द्वारा पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं का विस्तार किया गया है. पहली बार जीविका दीदियों की रसोई भी संचालित होगी.

कच्चे कांवरिया पथ पर बड़े वाहनों की नो-एंट्री

एसडीएम ने बताया कि कच्चे कांवरिया पथ पर बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि मार्ग सुरक्षित बना रहे. शनिवार एवं रविवार की रात झारखंड सीमा बंद रहने की स्थिति में पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही नशाखुरानी और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जायेगी.

खाद्य दुकानों की होगी नियमित जांच

खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पांच विशेष छापेमारी टीमों का गठन किया गया है. प्रत्येक टीम प्रतिदिन लगभग 30 दुकानों की जांच करेगी. बासी या दूषित खाद्य सामग्री बेचने वाले तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य वसूलने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश

Shravani Mela: डीडीसी उपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला अंतरराष्ट्रीय स्तर की धार्मिक यात्रा है. उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने, साफ-सफाई की निगरानी रखने तथा प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.बैठक में डीआरडीए निदेशक श्रीनिवासन, एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, कटोरिया बीडीओ देवाशीष कुमार, चांदन बीडीओ अजेश कुमार, बेलहर बीडीओ कुमार सौरभ, कटोरिया सीओ दिव्य प्रकाश, चांदन सीओ रविकांत कुमार, फुल्लीडुमर सीओ प्रशांत शौंडिल्य, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा सहित जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >